झारखंड: चतरा के एकलव्य स्कूल में 7वीं के छात्र की संदिग्ध मौत, सुबह मुंह से निकल रहा था झाग
झारखंड के चतरा जिले के पेलतौल गांव स्थित एकलव्य मॉडल आवासीय विद्यालय में 14 वर्षीय छात्र की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई। मृतक की पहचान गिरिडीह जिले के तीसरी प्रखंड के चोरनीतरी गांव निवासी रविकांत हेंब्रम के रूप में हुई है। वह विद्यालय में सातवीं कक्षा में पढ़ता था। घटना के बाद परिजनों में मातम पसरा है।
जानकारी के मुताबिक, रविकांत ने सोमवार रात रोजाना की तरह होमवर्क पूरा करने के बाद खाना खाया और सो गया। मंगलवार सुबह अचानक उसकी तबीयत बिगड़ने लगी। बताया गया कि उसके मुंह से झाग निकल रहा था और नाक से खून बह रहा था। विद्यालय प्रबंधन ने तत्काल एंबुलेंस से उसे सदर अस्पताल पहुंचाया, जहां चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया।
घटना की सूचना पर पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। परिजनों ने छात्र की मौत के कारणों का पता लगाने और निष्पक्ष जांच की मांग की है। पुलिस का कहना है कि मौत की वजह फिलहाल स्पष्ट नहीं है और पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही स्थिति स्पष्ट हो सकेगी। वहीं, विद्यालय प्रबंधन की ओर से अभी तक कोई आधिकारिक बयान सामने नहीं आया है।




