




सरदार जगरूप सिंह पन्नू समेत करीब चार दर्जन लोगों ने कांग्रेस छोड़कर थामा भाजपा का दामन
जसपुर। विधानसभा क्षेत्र जसपुर के लिए रविवार का दिन ऐतिहासिक रहा। आज यहां सूरज कुछ अलग ही दिशा से निकला। राजनीतिक दृष्टि से देखा जाये तो आज का दिन कांग्रेस के लिए सूर्यग्रहण जैसा था। ऐसा इसलिए कहा जा रहा है, क्योंकि पन्नू फार्म निवासी सरदार जगरूप सिंह पन्नू समेत करीब चार दर्जन लोगों ने कांग्रेस पार्टी से नाता तोड़कर भाजपा सरकार के केंद्रीय मंत्री/सांसद अजय भट्ट के नेतृत्व में भाजपा का दामन थाम लिया। प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी की मन की बात कार्यक्रम के उपरांत सब्जी मंडी में भाजपा मण्डल अध्यक्ष राजकुमार गुंबर के नेतृत्व में आयोजित कार्यक्रम में भाजपा जिलाध्यक्ष गुंजन सुखीजा एवं पूर्व विधायक डा. शैलेंद्र मोहन सिंघल सहित तमाम भाजपा कार्यकर्ता मौजूद रहे। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी एवं मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी की विचारधारा से प्रेरित होते हुए पन्नू फार्म निवासी सरदार जगरूप सिंह पन्नू, सतनाम सिंह पन्नू, गुरप्रीत सिंह, भूपेंद्र सिंह संधू, सुखविंदर सिंह पन्नू, जितेंद्र सिंह और जोगा सिंह सहित करीब चार दर्जन लोगों ने भाजपा का दामन थाम लिया। केंद्रीय रक्षा एवं पर्यटन मंत्री अजय भट्ट की उपस्थिति में कांग्रेस से आए सभी लोगों को भारतीय जनता पार्टी की सदस्यता ग्रहण की। इस दौरान केंद्रीय मंत्री भट्ट ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के कुशल नेतृत्व में हमारा देश निरंतर प्रगति की ओर अग्रसर है। आज भारत सहित विभिन्न देशों में प्रधानमंत्री मोदी का डंका इस तरह बजा है कि सभी की जुबान पर मोदी ही विराजमान हैं। अन्य दलों में घुटन महसूस कर रहे लोग भाजपा का दामन थाम रहे हैं। भट्ट ने कहा कि वह दिन दूर नहीं जब समूचा हिंदुस्तान भाजपामय हो जाएगा। इस दौरान भाजपा जिलाध्यक्ष गुंजन सुखीजा, पूर्व विधायक डा. शैलेंद्र मोहन सिंघल, मंडल अध्यक्ष राजकुमार गुंबर, रवि साहनी, युवा भाजपा नेता सचिन बाठला, सौरभ बाठला सहित भारी संख्या में भाजपा कार्यकर्ता मौजूद रहे।



