ओलावृष्टि से बर्बाद फसलों का अधिकारियो संग मौका मुआईना करने किसानों के बीच पहुंचे विधायक शिव अरोरा, ड्रोन सर्वे कर तत्काल रिपोर्ट तैयार करने के निर्देश, पूर्ण रूप से

*ओलावृष्टि से बर्बाद फसलों का अधिकारियो संग मौका मुआईना करने किसानों के बीच पहुंचे विधायक शिव अरोरा, ड्रोन सर्वे कर तत्काल रिपोर्ट तैयार करने के निर्देश, पूर्ण रूप से नष्ट फसलों का मिलेगा शत प्रतिशत मुआवजा*

*विधायक ने पिपलिया-1, पिपलिया-2, आनंदखेड़ा, मोहनपुर, सुंदरपुर और हरिदासपुर समेत कई ग्रामीण क्षेत्रों में फसलो का हुआ भारी नुकसान , मुख्यमंत्री धामी से वार्ता कर किसानों को जल्द मुआवजा दिलाने का करेंगे प्रयास*

 

रुद्रपुर। रुद्रपुर विधानसभा क्षेत्र के ग्रामीण इलाकों में अचानक हुई तेज बारिश और भारी ओलावृष्टि से किसानों की फसलों को हुए भारी नुकसान का जायजा लेने विधायक शिव अरोरा स्वयं प्रभावित खेतों में पहुंचे। उन्होंने गदरपुर की तहसीलदार लीना चंद्रा धामी और तहसील की राजस्व टीम के अधिकारियों के साथ विभिन्न गांवों में स्थलीय निरीक्षण कर फसलों की बर्बादी का जायजा लिया। इस दौरान विधायक ने खेतों में जाकर नष्ट हुई फसलों को देखा और प्रभावित किसानों से बातचीत कर उनकी पीड़ा जानी।

विधायक शिव अरोरा ने पिपलिया-1, पिपलिया-2, आनंदखेड़ा, मोहनपुर, सुंदरपुर और हरिदासपुर समेत अनेक ग्रामीण क्षेत्रों का दौरा किया। इन क्षेत्रों में ओलावृष्टि के कारण किसानों की फसलों को भारी नुकसान पहुंचा है। कई स्थानों पर फसल पूरी तरह बर्बाद हो गई है, जिससे किसानों के सामने आर्थिक संकट खड़ा हो गया है।

शत-प्रतिशत फसल बर्बाद होने वाले क्षेत्रों का ड्रोन से सर्वे कराने के निर्देश

विधायक शिव अरोरा ने मौके पर मौजूद तहसीलदार लीना चंद्रा धामी और राजस्व विभाग की टीम को निर्देश दिए कि प्रभावित क्षेत्रों में फसलों के नुकसान का वास्तविक आकलन कराया जाए। विशेष रूप से जिन क्षेत्रों में शत-प्रतिशत फसल नष्ट हो चुकी है, वहां ड्रोन के माध्यम से सर्वे कराकर तत्काल रिपोर्ट तैयार की जाए, ताकि प्रभावित किसानों को नियमानुसार उचित मुआवजा दिलाने की कार्रवाई जल्द शुरू हो सके।

उन्होंने कहा कि अचानक आई तेज बारिश और उसके साथ हुई ओलावृष्टि ने किसानों की महीनों की मेहनत पर पानी फेर दिया है। किसानों ने बड़ी मेहनत और लागत लगाकर अपनी फसल तैयार की थी, लेकिन प्राकृतिक आपदा ने उनकी उम्मीदों को गहरा झटका दिया है। ऐसे में नुकसान का सही आकलन कराना और प्रभावित किसानों तक राहत पहुंचाना बेहद आवश्यक है।

खेतों में पहुंचकर किसानों का दुख बांटा, हरसंभव मदद का भरोसा दिया

निरीक्षण के दौरान विधायक ने किसानों के बीच पहुंचकर उनकी समस्याएं सुनीं और खेतों में नष्ट हुई फसलों को करीब से देखा। उन्होंने किसानों का हौसला बढ़ाते हुए कहा कि इस कठिन समय में उन्हें अकेला नहीं छोड़ा जाएगा। प्राकृतिक आपदा से किसानों को हुए नुकसान की भरपाई के लिए हरसंभव प्रयास किए जाएंगे।

विधायक ने कहा कि अन्नदाता दिन-रात मेहनत करके देश और समाज के लिए अन्न पैदा करता है। खेती में बीज, खाद, सिंचाई और अन्य व्यवस्थाओं पर किसान अपनी पूंजी लगाता है। जब फसल तैयार होने की उम्मीद होती है और अचानक ओलावृष्टि से पूरी फसल नष्ट हो जाती है, तो यह किसान के लिए बेहद पीड़ादायक स्थिति होती है। किसानों की इस पीड़ा को समझते हुए प्रशासन को नुकसान का आकलन प्राथमिकता से करने के निर्देश दिए गए हैं।

मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी से वार्ता कर मुआवजा जल्द दिलवायेगे विधायक

विधायक शिव अरोरा ने कहा कि इस दुख की घड़ी में क्षेत्र का विधायक होने के नाते वह किसानों के साथ खड़े हैं। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के समक्ष भी किसानों की समस्या को रखा जाएगा। वह स्वयं मुख्यमंत्री से वार्ता कर प्रभावित किसानों को उनकी नष्ट हुई फसल का उचित मुआवजा जल्द से जल्द दिलाने का प्रयास करेंगे।

उन्होंने कहा कि जिन क्षेत्रों में फसल पूरी तरह बर्बाद हुई है, वहां नुकसान की वास्तविक स्थिति सामने लाकर किसानों को नियमानुसार शत-प्रतिशत मुआवजा दिलाने के लिए आवश्यक कदम उठाए जाने चाहिए। इसके लिए अधिकारियों को तत्काल सर्वे और रिपोर्ट तैयार करने के निर्देश दिए गए हैं।

विधायक ने भरोसा दिलाया कि किसानों को राहत दिलाने के लिए प्रशासन और शासन स्तर पर लगातार प्रयास किए जाएंगे। प्राकृतिक आपदा से प्रभावित किसानों की समस्याओं को गंभीरता से लेते हुए उनकी मदद के लिए हरसंभव कदम उठाए जाएंगे।

 

विधायक तस्वीरों मे पीड़ित किसान लाड्डी सिंह का दुःख बाटते नजर आये।

 

इस दौरान मडल अध्यक्ष जगदीश विश्वास, किसान मोर्चा जिला अध्यक्ष राजेश बजाज, इंद्रपाल चौधरी मनमोहन वाधवा, प्रधान महेंद्र सैनी, काला चंद प्रधान, ओमियों विश्वास, कौशल विश्वास आदि लोग मौजूद रहे।

Advertisement
Advertisement
Advertisement
Advertisement