दिल्ली पब्लिक स्कूल में मॉडल यूनाइटेड नेशन्स के तीन दिवसीय कार्यक्रम का हुआ रंगारंग समापन

दिल्ली पब्लिक स्कूल में मॉडल यूनाइटेड नेशन्स के तीन दिवसीय कार्यक्रम का हुआ रंगारंग समापन

दिल्ली पब्लिक स्कूल रुद्रपुर में आयोजित तीन दिवसीय मॉडल यूनाइटेड नेशंस (MUN) 2025 का समापन समारोह अपार उत्साह और गरिमामयी माहौल में संपन्न हुआ। इस अवसर पर मुख्य अतिथि अपर जिलाधिकारी ऊधम सिंह नगर श्री पंकज उपाध्याय रहे। विशिष्ट अतिथियों में श्री डी.के. शर्मा (उपाध्यक्ष, बार काउंसिल ऑफ इंडिया), सुश्री मीना देओपा (अतिरिक्त जिला जज), श्री नरेश दुर्गापाल (नगर आयुक्त, रुद्रपुर), डॉ. साहिल सिंह (एंबेसडर, स्ट्रैटेजिक पार्टनरशिप्स एवं UN SDG), श्री आसिफ अयूब (स्पेशल एन्वॉय ऑफ द सेक्रेटरी जनरल एवं चीफ़ ऑफ प्रोटोकॉल्स, इंटरगवर्नमेंटल इंस्टीट्यूशन्स), श्री विनय माकिन (सेंटर हेड, एलेन देहरादून) तथा श्री अशोक अग्रवाल (एम.डी., KLA Foods एवं रोटेरियन) शामिल रहे।
कार्यक्रम का शुभारंभ दीप प्रज्वलित कर किया गया। इसके बाद अतिथियों का परम्परागत स्वागत किया गया। विद्यालय के प्रधानाचार्य ने स्वागत भाषण में तीन दिवसीय सम्मेलन की उपलब्धियों को रेखांकित किया और विशेष वीडियो प्रस्तुति के माध्यम से इसकी मुख्य झलकियाँ साझा कीं।
तत्पश्चात 16 समितियों के प्रतिनिधियों का सम्मान किया गया, जहाँ छात्रों ने वैश्विक मुद्दों जैसे शांति, जलवायु परिवर्तन, मानवाधिकार और सतत विकास पर अपने विचार रखे।
अपने संबोधन में मुख्य अतिथि श्री पंकज उपाध्याय ने बच्चों को MUN जैसे मंचों की महत्ता के बारे में बताया और कहा कि यह उनके व्यक्तित्व निर्माण, संवाद कौशल तथा वैश्विक दृष्टिकोण विकसित करने के लिए अत्यंत आवश्यक है।
डॉ. साहिल सिंह (एंबेसडर, स्ट्रैटेजिक पार्टनरशिप्स एवं UN SDG) ने भी विद्यार्थियों को संबोधित करते हुए MUN जैसे मंचों की प्रासंगिकता पर प्रकाश डाला। उन्होंने कहा कि यह पहल न केवल बच्चों को अंतरराष्ट्रीय मुद्दों की गहन समझ प्रदान करती है, बल्कि उन्हें भविष्य के जिम्मेदार नागरिक बनने की दिशा में प्रेरित करती है। साथ ही उन्होंने आश्वस्त किया कि आगामी समय में इस प्रकार के सम्मेलनों का आयोजन राष्ट्रीय स्तर पर भी किया जाएगा, जिससे और अधिक विद्यार्थियों को इससे लाभ मिल सके।
विशिष्ट अतिथि सुश्री मीना देओपा ने अपने उद्बोधन में विद्यार्थियों को मॉडल यूनाइटेड नेशंस (MUN) जैसे मंचों के माध्यम से आत्मविश्वास और नेतृत्व कौशल विकसित करने हेतु प्रोत्साहित किया। अन्य अतिथियों ने भी छात्रों की प्रतिभा और प्रयासों की सराहना करते हुए उन्हें भविष्य का नेता और नीति-निर्माता बताया।
विद्यालय के चेयरमैन श्री सुरजीत सिंह ग्रोवर जी ने अपने उद्बोधन में कहा कि लगन, अनुशासन और परिश्रम ही सफलता की कुंजी हैं और डीपीएस रुद्रपुर के छात्र इस दिशा में उत्कृष्ट उदाहरण प्रस्तुत कर रहे हैं।
प्रतियोगिता में अमेंटी पब्लिक स्कूल को ‘सर्वश्रेष्ठ प्रतिनिधि’ (Best Delegation) के पुरस्कार से सम्मानित किया गया।
अंत में मुख्य अतिथि को स्मृति-चिह्न भेंट कर सम्मानित किया गया। इस समापन ने न केवल तीन दिवसीय सम्मेलन की सार्थकता को सिद्ध किया बल्कि छात्रों को अंतरराष्ट्रीय कूटनीति, नेतृत्व क्षमता और वैश्विक दृष्टिकोण का अद्वितीय अनुभव भी प्रदान किया।
इस अवसर पर प्रधानाचार्य श्री चेतन चौहान, वाइस चेयरमैन श्री हरमन सिंह, प्रशासिका श्रीमती मनमीत कौर सहित अनेक गणमान्य अतिथि उपस्थित रहे।

Advertisement
Advertisement
Advertisement
Advertisement