मोदी की रैली से विरोधियों के हौंसले पस्तः मेयर

रूद्रपुर। मेयर रामपाल सिंह ने चुनाव प्रचार के अंतिम दिन शहर के कई वार्डों में घर घर जाकर लोगों से भाजपा के पक्ष में मतदान की अपील की। जनसंपर्क के दौरान मेयर रामपाल सिंह ने कहा कि भाजपा एक बार फिर प्रदेश में सरकार बनाने जा रही है। रूद्रपुर में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की रैली के बाद पूरा माहौल भाजपा मय हो गया है। रूद्रपुर सीट ही नहीं बल्कि जिले की सभी नौ सीटों पर भाजपा प्रत्याशी भारी मतों से जीत दर्ज करने जा रहे हैं।

मेयर ने कहा कि इस चुनाव में जनता गद्दारों को सबक सिखाने का मन बना चुकी है। भाजपा की जीत के साथ रूद्रपुर में विकास के नये विजन को लेकर भाजपा प्रत्याशी शिव अरोरा चुनाव मैदान में उतरे हैं। जनता उनकी सौम्य और सादगी से प्रभावित है और उन्होंने अपनी जो प्राथमिकतायें बताई हैं वास्तव में उनकी प्राथमिकता रूद्रपुर को विकास का माॅडल बना सकती है। मेयर रामपाल सिंह ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का जादू इस बार भी भाजपा को ऐतिहासिक जीत दिलाने का काम करेगा। मोदी की रैली के बाद विरोधियों के हौंसले पस्त हो चुके हैं उन्हें अपनी जमीन खिसकती नजर आ रही है। इसी लिए वह भाजपा के खिलाफ अनर्गल आरोप लगाकर अपनी बौखलाहट का परिचय दे रहे हैं। उन्होंने कहा कि जनता निर्णय ले चुकी है ।प्रदेश में भाजपा की सरकार बन रही है।*

मेयर ने कहा कि इस चुनाव में भाजपा को डबल इंजन की सरकार के विकास कार्यों का लाभ तो मिलेगा ही साथ ही मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के शानदार कार्यकाल का भी पार्टी को लाभ मिलेगा। मेयर ने कहा कोरोना काल में भाजपा कार्यकर्ता घर-घर जाकर सहायता कर रहे थे और कांग्रेस सहित अन्य सभी विपक्षी उस समय आइसीयू में ही थे।प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी की दृढ़ इच्छा संकल्प शक्ति और देवभूमि के प्रति उनके आत्मीय लगाव से ही केदारनाथ पुरी नए और भव्य रूप में संवर चुकी है। बदरीनाथ धाम में भी पुनर्निर्माण कर उसे दिव्य और भव्य रूप देने की योजना पर कार्य शुरू हो चुका है। मोदी देश के ही नहीं, बल्कि विश्व के सर्वमान्य नेता हैं। जनता के आशीर्वाद से 10 मार्च को उत्तराखंड में फिर भाजपा की सरकार बनने जा रही है। इसके बाद डबल इंजन की सरकार विकास कार्यों को और तेज करेगी। मेयर ने कहा पिछले पांच वर्षो में भाजपा ने सुदूरवर्ती गांवों तक विकास की बयार बहा दी है। कांग्रेस चुनाव में सांप्रदायिक विशेष की यूनिवर्सिटी के नाम पर तुष्टिकरण का जहर घोल रही है, वह इलाकों को इलाके, भाई से भाई और समाज को जाति धर्म में बांटने का काम करती है। जनता को समझना होगा कि चुनाव के समय वह सांप्रदायिक विशेष की यूनिवर्सिटी के नाम पर जनता को क्या संदेश देना चाहती है। वह समाज को खंडित कर उसमें जगह घोल रही है। अगला दशक उत्तराखंड का दशक है। मेयर ने कहा कि डबल इंजन की सरकार में विकास के नये कीर्तिमान स्थापित हुए है। डबल इंजन की सरकार की विकास परक नीतियां और विकास की सोच इस बार भी चुनाव में जीत का आधार बनेगी। महिलाओं का अपमान और गंदी जुबान अब रूद्रपुर की जनता बर्दाश्त नहीं करेगी।

Advertisement
Advertisement
Advertisement
Advertisement