MRWA के उपाध्यक्ष विक्रांत फुटेला पर छेड़छाड़ व अश्लीलता का आरोप, बवाल का वीडियो हो रहा वायरल

रुद्रपुर। शहर स्थित मेट्रोपॉलिस सिटी में छेड़छाड़ का मामला सामने आया है। जहां फ्लैट दिखाने के नाम पर मेट्रोपॉलिस रेजिडेंट वेलफेयर एसोसिएशन के उपाध्यक्ष व फ्लैट स्वामी विक्रांत फुटेला पर एक युवती ने अपनी गाड़ी में बैठाकर छेड़छाड़ करने का आरोप लगाया है। जिसके बाद बमुश्किल युवती ने अपने मंगेतर को फोन पर पूरी जानकारी दी और अपनी जान बचाई, युवती के मंगेतर ने मौके पर आकर बवाल कर दिया, जिसका वीडियो काफी वायरल हो रहा है। इस मामले में पुलिस ने MRWA के उपाध्यक्ष विक्रान्त फुटेला के खिलाफ कई धाराओं में मुकदमा दर्ज कर लिया है।
पंतनगर थाने में तहरीर देकर प्रार्थिनी सोनी (गोपनीयता के चलते नाम बदला गया है) ने बताया कि वह पूर्व में विक्रांत फुटेला के भाई के फ्लैट में किराये पर रहती थी, जिसके चलते उसकी विक्रांत फुटेला से जान-पहचान हुई। युवती का कहना है कि मेट्रोपॉलिस सिटी निवासी विक्रांत फुटेला के मेट्रोपॉलिस सिटी में 8-10 फ्लैट हैं, जिन्हें वह स्वयं किराये पर देकर व्यवसाय करता है। व्यक्तिगत कारणों के चलते उक्त युवती को अपना फ्लैट बदलना था, जिसके लिए उसने विक्रांत फुटेला से संपर्क किया। आरोप है कि उक्त विक्रांत फुटेला फ्लैट दिखाने के नाम पर कुछ दिनों से युवती को अपने घर बुला रहा था, युवती के मना करने के बाद विक्रांत फुटेला 30 अप्रैल की रात्रि करीब 8 बजे युवती के फ्लैट पर आया व उसे फ्लैट दिखाने के नाम पर रुद्रपुर शहर ले गया और आरोप है कि जीप (थार) के अंदर युवती की मर्जी के बिना उससे छेड़छाड़ के साथ-साथ अश्लील हरकतें करने लगा। युवती का कहना है विक्रांत फुटेला द्वारा उस पर जबरन शराब पीने का दवाब भी बनाया गया व फुटेला गाड़ी लॉक कर शराब खरीदने चला गया। जिसके बाद युवती ने अपने मंगेतर को फोन किया और पूरे मामले की जानकारी दी। आरोप है कि तत्पश्चात विक्रांत फुटेला पुनः मेट्रोपॉलिस सिटी आया और युवती को अपने फ्लैट पर ले जाने के लिए जबरदस्ती करने लगा लेकिन युवती के मंगेतर ने समय पर पहुंचकर युवती को बचाया। जिसके बाद वहां बवाल की स्थिति उत्पन्न हो गई। युवती के मंगेतर ने वहां बवाल कर दिया, जिसका वीडियो भी वायरल हो रहा है। लोगों को इकट्ठा होते देख मौका पाकर विक्रांत फुटेला मौके से फरार हो गया। दी गई तहरीर में युवती ने स्वयं को विक्रांत फुटेला से खतरा बताया है। वहीं पुलिस ने MRWA के उपाध्यक्ष विक्रान्त फुटेला के खिलाफ धारा 354, 506 के तहत मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।

Advertisement
Advertisement
Advertisement
Advertisement