ब्लैक स्पॉट पर एक बार फिर दर्दनाक हादसा, डिवाइडर से टकराई कार; हरियाणा के तीन यात्रियों की मौत

वसुन्धरा दीप डेस्क, हरिद्वार। बहादराबाद में बाईपास मार्ग पर ब्लैक स्पॉट पर फिर हादसा हुआ है। रविवार देर रात हरियाणा के यात्रियों की कार डिवाइडर से टकरा गई। हादसे में रेवाड़ी जिले के एक ही गांव के तीन यात्रियों की मौत हो गई जबकि ड्राइवर गंभीर रूप से घायल हो गया है। उसे हायर सेंटर रेफर किया गया है।
पुलिस के मुताबिक, रविवार रात रेवाड़ी हरियाणा से चार युवक कार में सवार होकर हरिद्वार की ओर आ रहे थे। बहादराबाद बाईपास मार्ग पर रघुनाथ मॉल के पीछे उनकी कार डिवाइडर से टकरा गई। हादसा इतना भीषण था कि कार के आगे का हिस्सा पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया। बहादराबाद थानाध्यक्ष नितेश शर्मा ने पुलिस टीम और राहगीरों की मदद से चारों यात्रियों को कड़ी मशक्कत के बाद क्षतिग्रस्त कार से बाहर निकाला।
हादसे में हेमंत यादव उम्र 23 साल, रोहित कुमार उम्र 29 साल और दीपक कुमार 23 साल निवासीगण गांव कुतुबपुर रेवाड़ी हरियाणा की मौत हो गई। जबकि ड्राइवर विनय कुमार गंभीर रूप से घायल है। उसे हायर सेंटर रेफर किया गया है। हादसे की खबर से युवकों के गांव में कोहराम मच गया। हरियाणा से सोमवार तड़के ही उनके स्वजन रोते बिलखते हुए हरिद्वार पहुंच गए।
बता दें बहादराबाद में एक साल के भीतर इसी जगह लगभग 12 सड़क हादसे हो चुके हैं। जिनमें 20 से ज्यादा राहगीरों की जान जा चुकी है। दरअसल, इस जगह पर एनएचएआई अधिकारियों की तकनीकी खामी के चलते हादसे हो रहे हैं। इस जगह पर बहुत तेज घूम होने के चलते ड्राइवर अक्सर वाहन पर नियंत्रण नहीं रख पाते। उनका वाहन या तो डिवाइडर से टकराकर क्षतिग्रस्त होता है या फिर तेज ब्रेक मारने पर गाड़ी पलट जाती है।

Advertisement
Advertisement
Advertisement
Advertisement