मायके में रह रही विवाहिता को ससुरालियों ने बेरहमी से पीटा, अस्‍पताल में भर्ती; हालत नाजुक

मायके में रह रही विवाहिता के साथ दहेज के लिए ससुरालियों ने मायके पहुंचकर गाली-गलौज और मारपीट की। इस दौरान आरोपित उसे अधमरा छोड़कर फरार हो गए। समाचार लिखे जाने तक मामला दर्ज नहीं हुआ था अलबत्ता पुलिस ने जांच शुरू कर दी है।
मायके में रह रही विवाहिता के साथ दहेज के लिए ससुरालियों ने मायके पहुंचकर गाली-गलौज और मारपीट की। मामले में पीड़िता के भाई की ओर से कोतवाली में तहरीर देकर कार्रवाई की मांग की है।

ग्राम मुड़िया कला निवासी अय्यूब पुत्र वहीद ने तहरीर में कहा है कि उसकी बहन फातमा का विवाह तीन जून 2019 को ठाकुरद्वारा मुरादाबाद उत्तर प्रदेश निवासी इरशाद पुत्र भूरा के साथ हुआ था। आरोप है कि शादी के कुछ दिनों तक तो सबकुछ ठीक-ठाक रहा, लेकिन इसके बाद कम दहेज लाने का ताना मारकर बहन को परेशान किया जाने लगा।

दो माह बाद फिर से दहेज की मांग शुरू कर दी

बात सामने आई तो मायके वालों ने उनकी मांग के अनुरूप डेढ़ लाख रुपये दे दिए। जिसके चलते आरोपित कुछ समय तक शांत रहे, लेकिन करीब दो माह बाद फिर से दहेज की मांग शुरू कर दी गई। असमर्थता जताने पर आरोपितों ने फातमा को मारपीट कर घर से निकाल दिया। इसके बाद वह मायके में आकर रहने लगी।

आरोप है कि 24 फरवरी को आरोपित पति व अन्य ससुराल वाले मायके में आ धमके और स्वजनों की गैर मौजूदगी में फातमा के साथ गाली-गलौज व मारपीट की गई। इस दौरान आरोपित उसे अधमरा छोड़कर फरार हो गए।

घायल को सरकारी अस्पताल से रेफर कर दिए जाने के बाद स्वजन उपचार के लिए पहले रुद्रपुर व बाद में हल्द्वानी ले गए हैं। जहां उसकी हालत अभी भी नाजुक बनी हुई है। तहरीर में मामले की जांच कर आरोपितों पर कार्रवाई की मांग की है। वहीं समाचार लिखे जाने तक मामला दर्ज नहीं हुआ था, अलबत्ता पुलिस ने जांच शुरू कर दी है।

Advertisement
Advertisement
Advertisement
Advertisement