दीपावली से पहले खाद्य विभाग की छापेमारी, रुद्रपुर में 5 प्रतिष्ठानों से लिए मिठाई और खाद्य पदार्थों के सैंपल
– मावे की बर्फी, पेड़ा, बालूशाही, बेसन लड्डू और काजू कतली के नमूने जांच को भेजे
– मिलावट मिलने पर संबंधित कारोबारियों के खिलाफ होगी कार्रवाई
रुद्रपुर। दीपावली के त्योहार को देखते हुए आम जनता को शुद्ध एवं गुणवत्तायुक्त खाद्य पदार्थ उपलब्ध कराने के लिए खाद्य सुरक्षा विभाग ने मिलावटखोरों के खिलाफ अभियान तेज कर दिया है। जिलाधिकारी नितिन सिंह भदौरिया के निर्देश पर सहायक आयुक्त (खाद्य सुरक्षा) ललित मोहन पांडे के नेतृत्व में शुक्रवार को रुद्रपुर के मेन मार्केट में खाद्य प्रतिष्ठानों का निरीक्षण किया गया।
अभियान के दौरान पांच प्रतिष्ठानों से मावे की बर्फी, पेड़ा, बालूशाही, बेसन लड्डू और काजू कतली के एक-एक नमूने लिए गए। सभी नमूनों को जांच के लिए राज्य खाद्य एवं औषधि प्रयोगशाला, रुद्रपुर भेजा जाएगा। जांच रिपोर्ट में खाद्य पदार्थ मानकों के अनुरूप नहीं पाए जाने पर संबंधित कारोबारियों के खिलाफ नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी।
निरीक्षण के दौरान प्रतिष्ठानों में साफ-सफाई बनाए रखने के निर्देश भी दिए गए। खाद्य कारोबारियों को चेतावनी दी गई कि बिना पंजीकरण या लाइसेंस के खाद्य पदार्थों का निर्माण और बिक्री न करें। खाद्य पदार्थों के खरीद बिल पर FSSAI लाइसेंस नंबर अंकित होना अनिवार्य है। वहीं खुली मिठाइयों और बेकरी उत्पादों पर निर्माण एवं उपयोग की अंतिम तिथि अंकित करने के निर्देश दिए गए।
खाद्य विभाग ने दीपावली अभियान के दौरान संदिग्ध खाद्य पदार्थों की बिक्री पर रोक लगाने के निर्देश देते हुए आम जनता से भी सतर्क रहने की अपील की है। किसी भी प्रकार की मिलावट या अनियमितता की शिकायत टोल फ्री नंबर 18001804246 पर की जा सकती है।
अभियान में सहायक आयुक्त ललित मोहन पांडे, वरिष्ठ खाद्य सुरक्षा अधिकारी आशा आर्या सहित अन्य अधिकारी शामिल रहे।




