



काशीपुर। एक शख्स ने अपने दामाद पर दहेज के लिए उसकी पुत्री की हत्या करने का आरोप लगाते हुए मुकदमा दर्ज कराया है। सरवरखेड़ा निवासी शकील हसन पुत्र शफीक अहमद ने कुंडा थाना पुलिस को तहरीर देकर बताया कि तीन साल पहले उसकी पुत्री मनतशा का निकाह गांव के ही निवासी दानिश पुत्र मुनाजिर के साथ हुआ था। निकाह के कुछ दिन बाद ही पति दानिश दहेज की मांग करते हुए मनतशा का मानसिक व शारीरिक उत्पीड़न करने लगा। बीती 15 मई की सायं उन्हें जानकारी मिली कि दानिश ने उनकी पुत्री मनतशा की हत्या कर दी है और दफन की तैयारी की जा रही है। जब वह पुत्री की ससुराल पहुंचे तो दानिश मौके से फरार हो गया। बाद में पुलिस ने मनतशा के शव का पोस्टमार्टम कराया। पुलिस ने तहरीर के आधार पर आरोपी के खिलाफ नामजद मुकदमा दर्ज कर उसकी गिरफ्तारी के प्रयास शुरू कर दिये हैं।