



विधायक त्रिलोक सिंह चीमा ने उत्तराखंड की झांकी मानस खंड को हरी झंडी दिखाकर किया रवाना
काशीपुर। भारतीय गणतंत्र दिवस के अवसर पर 26 जनवरी को देश की राजधानी दिल्ली में आयोजित गणतंत्र दिवस की परेड में देश में प्रथम स्थान पर रही उत्तराखंड की संस्कृति और विरासत की झलक को दर्शाती झाँकी “मानसखंड” का ऊधमसिंहनगर जिले में प्रदर्शन के तहत रविवार को काशीपुर में प्रदर्शन किया गया। झांकी को भाजपा विधायक और प्रशासनिक अधिकारियों ने हरी झंडी दिखाकर रवाना किया। उत्तराखंड राज्य के गठन के बाद पहली बार राष्ट्रीय राजधानी में गणतंत्र दिवस की परेड के दौरान देश के विभिन्न राज्यों के साथ उत्तराखंड की लोक संस्कृति और धार्मिक विरासत का प्रदर्शन करने पर मानसखंड झांकी को देश में प्रथम स्थान प्राप्त हुआ। जिसके बाद राज्य की पुष्कर सिंह धामी सरकार द्वारा “मानसखंड” झाँकी को आमजन के सम्मुख प्रदर्शन हेतु बुधवार को देहरादून से हरी झंडी दिखाकर रवाना किया गया। झांकी राज्य के सभी जिलों के मुख्य शहरों और जिला मुख्यालय पर प्रदर्शन करेगी। इसी क्रम में झांकी शनिवार सायं काशीपुर पहुंची। उत्तराखंड का मान बढ़ाने वाली इस झांकी का दीदार करने के लिए जनसाधारण का उत्साह देखते ही बन रहा था।लोग झाँकी के साथ सेल्फी लेते और अपनी फोटो खिंचवाते दिखे। रविवार को मुरादाबाद रोड स्थित मंडी परिसर में भाजपा विधायक त्रिलोक सिंह चीमा ने मानसखण्ड झांकी को हरी झंडी दिखाकर अन्यत्र रवाना किया। झाँकी प्रदेश के विभिन्न जिलों के मुख्य स्थानों और जिला मुख्यालयों पर आम जनता के सम्मुख अपना प्रदर्शन करते हुए 18 मई को देहरादून पहुंचेगी। इस मौके पर उपजिलाधिकारी अभय प्रताप सिंह, तहसीलदार युसूफ अली, पुलिस क्षेत्राधिकारी वंदना वर्मा, कुंडा थानाध्यक्ष दिनेश सिंह फर्त्याल भाजपा प्रदेश मंत्री गुरविंदर सिंह चंडोक , रजत सिद्धू आदि तमाम लोग मौजूद रहे।