



तिरंगा यात्रा में शामिल हुए हज़ारों लोग, वीर सैनिकों को किया गया सम्मानित
सितारगंज। स्वतंत्रता की 75वीं वर्षगांठ मनाते हुए देश के प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के कुशल मार्गदर्शन में संपूर्ण देश आज़ादी का अमृत महोत्सव बड़े ही धूमधाम और हर्षाेल्लास के साथ मना रहा है। इसी क्रम में आज सितारगंज में तिरंगा यात्रा का सफल आयोजन किया गया।
दुग्ध उत्पादन, मत्स्य पालन, पशुपालन और कौशल विकास मंत्री सौरभ बहुगुणा के नेतृत्व में निकाली गई तिरंगा यात्रा नई मंडी से शुरू होकर किच्छा रोड, मुख्य चौराहा, नकुलिया चौराहा, महाराणा प्रताप चौक होती हुई रामलीला मैदान में संपन्न हुई।
तिरंगा यात्रा में हिस्सा लेने आए हज़ारों लोगों के साथ-साथ विभिन्न विद्यालयों के बालक-बालिकाओं ने देशभक्ति से ओतप्रोत नारे लगाए। इस दौरान सभी ने एक सुर में देशभक्ति के गीत भी गए। यात्रा के दौरान माननीय कैबिनेट मंत्री सौरभ बहुगुणा ने नगर के मुख्य चौराहे पर देश के वीर जवानों को सम्मानित भी किया।
साथ ही कैबिनेट मंत्री सौरभ बहुगुणा ने 25000 लोगों की यात्रा को सफल रुप से आयोजित करने में सराहनीय योगदान देने वाले पुलिस प्रशासन के सभी साथियों, व्यापारी भाइयों, समाज सेवी संगठनों, भारतीय जनता पार्टी के पदाधिकारियों एवं कार्यकर्ताओं का आभार भी व्यक्त किया। कैबिनेट मंत्री ने सभी से इस स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर हर-घर तिरंगा अभियान में बढ़-चढ़कर हिस्सा लेने का निवेदन किया।