उत्तर प्रदेश: 200 टन की मशीन लेकर लखीमपुर पहुंचा 308 पहियों वाला विशाल ट्रक
उत्तर प्रदेश के लखीमपुर खीरी में 308 पहियों वाला विशालकाय ट्रक 200 टन वजनी मशीन लेकर पहुंचा तो उसे देखने के लिए लोगों की भारी भीड़ जुट गई। लखीमपुर टोल प्लाजा पर लोग मोबाइल से तस्वीरें खींचते और ट्रक के साथ सेल्फी लेते नजर आए। अपने असाधारण आकार के कारण यह ट्रक लोगों के बीच चर्चा का विषय बन गया।
यह विशाल मशीन बेल्जियम में तैयार की गई है और कुंभी स्थित बलरामपुर चीनी मिल परिसर में स्थापित किए जा रहे बायो-पॉलिमर प्लांट के लिए लाई जा रही है। करीब 200 टन वजनी मशीन को विशेष हाइड्रोलिक मल्टी-एक्सल ट्रेलर पर लादकर ले जाया जा रहा है। हालांकि, ट्रक अभी अपने अंतिम गंतव्य यानी प्लांट तक नहीं पहुंचा है।
मशीन को समुद्री मार्ग से ओडिशा के पारादीप बंदरगाह लाया गया था। वहां से इसे सड़क मार्ग के जरिए उत्तर प्रदेश पहुंचाया गया। इस दौरान ट्रक झारखंड, बिहार और प्रदेश के विभिन्न इलाकों से गुजरा। मंगलवार शाम लखीमपुर खीरी जिले की सीमा में प्रवेश करने के बाद अब यह अपने गंतव्य की ओर बढ़ रहा है।




