



₹25 करोड़ के भू-माफिया सिंडिकेट का महापर्दाफाश, मुख्य अभियुक्त धनंजय गिरी गिरफ्तार
वरिष्ठ अधिकारियों के सख्त निर्देशन में पुनर्गठित SIT की बड़ी कार्रवाई, अवैध संपत्तियों पर भी कसा जाएगा शिकंजा
कुमाऊँ परिक्षेत्र में भोले-भाले लोगों को करोड़ों रुपये की भूमि एवं वित्तीय धोखाधड़ी का शिकार बनाने वाले संगठित भू-माफिया सिंडिकेट का पुलिस ने बड़ा खुलासा किया है। लगभग ₹25 करोड़ से अधिक की धोखाधड़ी को अंजाम देने वाले इस गिरोह के खिलाफ वर्ष 2018 से अब तक कुल 09 मुकदमे दर्ज किए जा चुके हैं। मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस द्वारा लगातार प्रभावी कार्रवाई की जा रही है।
आईजी कुमाऊँ श्रीमती रिद्धिम अग्रवाल द्वारा मामले की समीक्षा के दौरान पूर्व गठित SIT की कार्यप्रणाली पर नाराजगी जताते हुए दिनांक 17 अप्रैल 2026 को तत्काल प्रभाव से उसे भंग कर दिया गया था। इसके उपरांत वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक ऊधमसिंहनगर श्री अजय गणपति के प्रत्यक्ष पर्यवेक्षण एवं पुलिस अधीक्षक अपराध/यातायात श्री जितेन्द्र चौधरी के नेतृत्व में नई पुनर्गठित SIT का गठन किया गया।
श्रद्धेय महोदय श्री अजय गणपति एवं श्रीमान जितेन्द्र चौधरी के कुशल निर्देशन और सटीक रणनीति के चलते SIT ने 21 मई 2026 को बड़ी सफलता हासिल करते हुए मुख्य अभियुक्त धनंजय गिरी को गिरफ्तार कर लिया।
जांच के दौरान यह स्पष्ट हुआ कि अभियुक्तों द्वारा एक संगठित सिंडिकेट बनाकर सुनियोजित तरीके से लोगों को जमीन के नाम पर ठगा जा रहा था। पुलिस द्वारा अब इस गिरोह के अन्य सदस्यों की तलाश तेज कर दी गई है।
अवैध संपत्तियों पर भी होगी बड़ी कार्रवाई
पुलिस जांच में अपराध से अर्जित की गई कई अवैध संपत्तियों को चिन्हित कर लिया गया है। इन संपत्तियों को धारा 107 BNSS के अंतर्गत जब्त करने की प्रक्रिया प्रारंभ कर दी गई है, ताकि भविष्य में पीड़ितों को आनुपातिक रूप से राहत दिलाई जा सके। साथ ही जिलाधिकारी नैनीताल को पत्राचार कर इन संपत्तियों के क्रय-विक्रय एवं हस्तांतरण पर तत्काल रोक लगाने की कार्रवाई भी की गई है।
संगठित अपराध के तहत कसी गई कानूनी नकेल
गिरोह के विरुद्ध धारा 111 बीएनएस के तहत संगठित अपराध की कठोर धाराओं में कार्रवाई की जा रही है। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि किसी भी कीमत पर अपराधियों को बख्शा नहीं जाएगा तथा पीड़ितों को न्याय दिलाने के लिए हर संभव कानूनी कदम उठाए जाएंगे।
पुनर्गठित SIT की इस बड़ी कार्रवाई से भू-माफियाओं और संगठित अपराधियों में हड़कंप मच गया है।

