-->

रुद्रपुर में 21वीं कैडेट नेशनल फेंसिंग चैंपियनशिप का भव्य आगाज़, छह दिनों तक दिखेगा खेल कौशल का दम

खबरे शेयर करे -

रुद्रपुर में 21वीं कैडेट नेशनल फेंसिंग चैंपियनशिप का भव्य आगाज़, छह दिनों तक दिखेगा खेल कौशल का दम

रुद्रपुर। मनोज सरकार स्टेडियम स्थित शिवालिक हॉल में शनिवार को 21वीं कैडेट नेशनल फेंसिंग चैंपियनशिप का भव्य शुभारंभ हुआ। राष्ट्रीय स्तर की इस प्रतिष्ठित प्रतियोगिता का आयोजन Fencing Association of Uttarakhand द्वारा Fencing Association of India के मार्गदर्शन में किया जा रहा है। उद्घाटन समारोह खेल भावना, सांस्कृतिक प्रस्तुतियों और उत्साह से सराबोर रहा।

छह दिनों तक चलने वाली इस चैंपियनशिप में देश के 28 राज्यों से आए 650 से अधिक फेंसर्स प्रतिभाग कर रहे हैं। प्रतियोगिता के दौरान फॉइल, सेबर और एपी वर्गों में पूल एवं डायरेक्ट एलिमिनेशन मुकाबले खेले जाएंगे। खिलाड़ी अपनी तकनीक, प्रतिभा और खेल कौशल का प्रदर्शन करते नजर आएंगे।

उद्घाटन समारोह में मुख्य अतिथि के रूप में Manoj Katyal मौजूद रहे। वहीं विशिष्ट अतिथि के रूप में Devendra Singh Bisht एवं Harman Singh Grover उपस्थित रहे। अतिथियों का स्वागत पुष्पगुच्छ एवं स्मृति चिन्ह भेंट कर किया गया।

कार्यक्रम में Delhi Public School Rudrapur के विद्यार्थियों ने मनमोहक शास्त्रीय नृत्य प्रस्तुति देकर समारोह में सांस्कृतिक गरिमा और उत्साह का विशेष रंग भर दिया। बच्चों की आकर्षक प्रस्तुति पर दर्शकों ने तालियों की गड़गड़ाहट के साथ उनका उत्साहवर्धन किया।

अपने संबोधन में मनोज कट्याल ने खिलाड़ियों को खेल भावना और अनुशासन के साथ प्रतियोगिता में भाग लेने के लिए प्रेरित किया। उन्होंने कहा कि खेल केवल जीत-हार का माध्यम नहीं, बल्कि आत्मविश्वास, धैर्य और संघर्ष की सीख भी देते हैं। उन्होंने खिलाड़ियों से पूरे समर्पण और सकारात्मक सोच के साथ प्रतियोगिता में भाग लेकर राज्य और देश का नाम रोशन करने का आह्वान किया।

उन्होंने कहा कि एक सच्चा खिलाड़ी वही होता है जो हर चुनौती का सामना आत्मविश्वास और अनुशासन के साथ करे। खेल युवाओं को टीम भावना, संघर्ष और निरंतर आगे बढ़ने की प्रेरणा देते हैं।

विशिष्ट अतिथियों ने भी प्रतियोगिता के सफल आयोजन के लिए आयोजकों को शुभकामनाएं दीं और कहा कि इस प्रकार की राष्ट्रीय प्रतियोगिताएं युवाओं को अपनी प्रतिभा दिखाने का बड़ा मंच प्रदान करती हैं। साथ ही इससे राज्य में खेल संस्कृति को भी बढ़ावा मिलता है।

राष्ट्रीय स्तर की इस प्रतियोगिता के आयोजन से रुद्रपुर एक बार फिर खेल मानचित्र पर अपनी मजबूत पहचान बना रहा है। आने वाले दिनों तक पूरा शहर खेल भावना, प्रतिस्पर्धा और उत्साह के रंग में रंगा रहेगा।


खबरे शेयर करे -