-->

महतोष के 400 परिवारों को मिलेगा मालिकाना हक! विधायक शिव अरोरा ने डीएम से की मुलाकात, 60 दिन में रिपोर्ट देगी कमेटी

खबरे शेयर करे -

महतोष के 400 परिवारों को मिलेगा मालिकाना हक! विधायक शिव अरोरा ने डीएम से की मुलाकात, 60 दिन में रिपोर्ट देगी कमेटी

रुद्रपुर। महतोष क्षेत्र में पिछले 40 से 50 वर्षों से निवास कर रहे लगभग 400 गरीब परिवारों को उनकी भूमि का मालिकाना हक दिलाने की मांग अब तेज हो गई है। इस मुद्दे को लेकर रुद्रपुर विधायक शिव अरोरा ने जिला अधिकारी से मुलाकात कर ज्ञापन सौंपा।

विधायक ने बताया कि महतोष क्षेत्र के कई परिवार दशकों से वहां निवास कर रहे हैं, लेकिन आज तक उन्हें जमीन का मालिकाना हक नहीं मिल पाया। उन्होंने कहा कि करीब 80 परिवारों को पूर्व में सरकार द्वारा पट्टे दिए जा चुके हैं, जबकि अन्य परिवार प्रधानमंत्री स्वामित्व योजना 2019 का लाभ पाने से वंचित रह गए।

विधायक शिव अरोरा ने कहा कि प्रदेश की धामी सरकार जनहित के कार्यों के लिए हमेशा संवेदनशील रही है और गरीब परिवारों को उनका हक दिलाने के लिए सरकार प्रतिबद्ध है। उन्होंने कहा कि वर्षों से रह रहे इन परिवारों को मालिकाना हक मिलना चाहिए ताकि उनका भविष्य सुरक्षित हो सके।

मामले की गंभीरता को देखते हुए जिला अधिकारी ने एडीएम कोस्तुब मिश्रा के नेतृत्व में एक कमेटी गठित करने के निर्देश दिए हैं। यह कमेटी अगले 60 दिनों में अपनी रिपोर्ट तैयार कर जिला प्रशासन को सौंपेगी। रिपोर्ट के आधार पर प्रभावित परिवारों को मालिकाना हक दिलाने के लिए समाधान निकाला जाएगा।

विधायक शिव अरोरा ने कहा कि मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के नेतृत्व में रुद्रपुर में नजूल भूमि पर लगभग 3000 लोगों को मालिकाना हक देने का कार्य किया जा चुका है और महतोष क्षेत्र के 400 परिवारों को भी जल्द न्याय दिलाने का प्रयास किया जाएगा।

उन्होंने भरोसा जताया कि जिला प्रशासन और सरकार मिलकर इस समस्या का स्थायी समाधान निकालेंगे और महतोष क्षेत्र के गरीब परिवारों को उनका अधिकार दिलाया जाएगा।

इस दौरान भाजपा मंडल अध्यक्ष जगदीश विश्वास, प्रतिश बाला, जुल्फेकार अली, दयाल सिकदार, पंकज, हरिपद विश्वास, विपल्व विश्वास, राकेश बानिक, रामपद बाला, मधेनाथ बानिक, आशीम मंडल, मनोज, सरत विश्वास, लिपन पाण्डे, तसास विश्वास सहित कई लोग मौजूद रहे।


खबरे शेयर करे -