मेयर रामपाल ने एकता दिवस के रुप में मनाई पटेल जयंती, प्रतिमा पर माल्यार्पण कर किया नमन

रुद्रपुर। मेयर रामपाल सिंह के नेतृत्व में लौह पुरूष सरदार बल्लभभाई पटेल जी की जयंती आवास विकास स्थित पटेल पार्क एवं नगर निगम प्रांगण में एकता दिवस के रूप में मनाई गयी। इस दौरान दोनों स्थानों पर सरदार वल्लभ भाई पटेल की प्रतिमा पर माल्यार्पण कर उन्हें नमन किया गया। नगर निगम में पार्षदों एवं अधिकारियों कर्मचारियों को एकता की शपथ भी दिलाई गयी। इस अवसर पर मेयर रामपाल सिंह ने कहा लौह पुरूष सरदार पटेल का योगदान कभी भुलाया नहीं जा सकता। उन्होंने तकरीबन 562 रियासतों में बंटे भारत को एक राष्ट्र बनाने के लिए संघर्ष किया। उन्होंने जूनागढ़ और हैदराबाद जैसे विवादित रियासत को भी अपनी चतुराई और कूटनीतिक कौशल से भारत में मिला दिया था। इसी वजह से महात्मा गांधी ने उन्हें लौहपुरुष की उपाधि प्रदान की थी। उनके द्वारा चलाये गये बारदोली आंदोलन के आगे सरकार को झुकना पड़ा और किसानों पर लगाया गया टैक्स घटना पड़ा। इस आंदोलन के बाद वल्लभभाई पटेल को सरदार की उपाधि दी गयी । मेयर ने कहा सरदार पटेल सभी के आदर्श हैं। उनका जीवन सदैव देश के लिए समर्पित रहा। सरदार पटेल का ही विजन था कि भारतीय प्रशासनिक सेवाएं देश को एक रखने में अहम भूमिका निभाएंगी। उन्होंने इन प्रशासनिक सेवाओं को मजबूत करने के लिए भी जोर दिया था। उन्होंने आजाद भारत को एक विशाल राष्ट्र बनाने के लिए महत्वपूर्ण योगदान दिया था।
इस अवसर पर वरिष्ठ भाजपा नेता नेत्रपाल मौर्य, पार्षद रीना जग्गा राजेश जग्गा, सुशील चौहान, पिंटू पाल, विनय विश्वास, सहायक नगर आयुक्त राजू नबियाल, प्रभारी अधिशासी अधिकारी गजेंद्र पाल, कर अधीक्षक लता आर्य सहित नगर निगम के तमाम अधिकारी कर्मचारी उपस्थित रहे।

Advertisement
Advertisement
Advertisement
Advertisement