-->

पीसीएस में प्रदेश टॉपर बनीं जसमीत कौर का महापौर ने किया सम्मान, कहा- रुद्रपुर की बेटियों के लिए बनीं प्रेरणा

खबरे शेयर करे -

 

पीसीएस में प्रदेश टॉपर बनीं जसमीत कौर का महापौर ने किया सम्मान, कहा- रुद्रपुर की बेटियों के लिए बनीं प्रेरणा

रुद्रपुर। उत्तराखंड लोक सेवा आयोग (पीसीएस) परीक्षा में प्रदेश में प्रथम स्थान प्राप्त कर रुद्रपुर और जनपद ऊधमसिंह नगर का नाम रोशन करने वाली जसमीत कौर पाहवा को महापौर विकास शर्मा ने उनके आवास पहुंचकर सम्मानित किया। महापौर ने जाफरपुर स्थित वसुंधरा पॉम हाउस कॉलोनी में जसमीत के निवास पर पहुंचकर उन्हें, उनके पिता जसवंत सिंह पाहवा, माता मनप्रीत कौर तथा परिवार के अन्य सदस्यों को इस ऐतिहासिक उपलब्धि पर बधाई एवं शुभकामनाएं दीं।

महापौर विकास शर्मा ने कहा कि जसमीत कौर ने प्रदेश में प्रथम स्थान हासिल कर न केवल अपने परिवार बल्कि पूरे रुद्रपुर और जनपद का गौरव बढ़ाया है। उन्होंने कहा कि यह शहर के लिए गर्व का विषय है कि रुद्रपुर की बेटी ने पहली बार पीसीएस परीक्षा में प्रदेश स्तर पर शीर्ष स्थान प्राप्त किया है।

उन्होंने कहा कि जसमीत की सफलता यह साबित करती है कि दृढ़ इच्छाशक्ति, निरंतर मेहनत और लक्ष्य के प्रति समर्पण से किसी भी मुकाम को हासिल किया जा सकता है। महापौर ने बताया कि जसमीत पहले से ही बागेश्वर में समाज कल्याण अधिकारी के पद पर सेवाएं दे रही थीं, लेकिन उन्होंने अपने सपनों को साकार करने के लिए लगातार प्रयास जारी रखे और आज यह बड़ी सफलता अर्जित की।

महापौर ने कहा कि जसमीत कौर की उपलब्धि प्रशासनिक सेवाओं की तैयारी कर रहे युवाओं के लिए प्रेरणास्रोत बनेगी। उन्होंने उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना करते हुए कहा कि वह एक संवेदनशील और जनहित के प्रति समर्पित अधिकारी के रूप में प्रदेश की सेवा करें।

इस अवसर पर जसमीत के पिता जसवंत सिंह पाहवा ने कहा कि बच्चों की सफलता माता-पिता के लिए सबसे बड़ा सम्मान होती है। उन्होंने कहा कि जब बच्चों की उपलब्धियों से परिवार की पहचान बनने लगे तो इससे बड़ी खुशी कोई नहीं हो सकती। उन्होंने जसमीत की सफलता को पूरे रुद्रपुर की उपलब्धि बताते हुए कहा कि इससे अन्य युवाओं को भी बड़े लक्ष्य निर्धारित कर उन्हें हासिल करने की प्रेरणा मिलेगी।

सम्मान से अभिभूत जसमीत कौर ने महापौर एवं सभी शुभचिंतकों का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि समाज से मिलने वाला प्रोत्साहन आगे बढ़ने की प्रेरणा को और मजबूत करता है। उन्होंने युवाओं से पूरे समर्पण, धैर्य और लगन के साथ प्रशासनिक सेवाओं की तैयारी करने का आह्वान किया। जसमीत ने अपनी सफलता का श्रेय माता-पिता के आशीर्वाद, परिवार के सहयोग और ईश्वर की कृपा को दिया।

इस अवसर पर गुरमीत सिंह, पारस चुघ, चिराग कालरा, गौरव सहित अन्य गणमान्य लोग उपस्थित रहे।


खबरे शेयर करे -