



गुरुद्वारा नानकमत्ता साहिब को मिला नया पूर्णकालिक प्रबंधक
प्रबंध कमेटी की सर्वसम्मति से रंजीत सिंह ढिल्लों की नियुक्ति, सिरोपा भेंट कर किया सम्मानित
नानकमत्ता
। गुरुद्वारा नानकमत्ता साहिब की प्रबंधकीय व्यवस्था को अधिक सुदृढ़ एवं व्यवस्थित ढंग से संचालित करने के उद्देश्य से मंगलवार को गुरुद्वारा प्रबंध कमेटी की महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की गई। समिति के अध्यक्ष जोगिंदर सिंह संधू की अध्यक्षता में हुई बैठक में सर्वसम्मति से प्रभारी प्रबंधक रंजीत सिंह ढिल्लों को गुरुद्वारा श्री नानकमत्ता साहिब का पूर्णकालिक प्रबंधक नियुक्त करने का निर्णय लिया गया।
गौरतलब है कि गुरुद्वारा साहिब के पूर्व प्रबंधक रंजीत सिंह ढिल्लों का गत 7 जुलाई को बीमारी के चलते निधन हो गया था। उनके निधन के बाद से रंजीत सिंह ढिल्लों प्रभारी प्रबंधक के रूप में व्यवस्थाओं का संचालन कर रहे थे।
उनके कार्यों, अनुभव और समर्पण को देखते हुए प्रबंध कमेटी ने उन्हें औपचारिक रूप से गुरुद्वारा का पूर्णकालिक प्रबंधक नियुक्त कर दिया। वर्ष 2007 से गुरुद्वारा श्री नानकमत्ता साहिब में विभिन्न जिम्मेदारियों का निर्वहन कर रहे रंजीत सिंह ढिल्लों ने फर्म मैनेजर, लेखाधिकारी तथा दीपावली मेला प्रभारी जैसे महत्वपूर्ण पदों पर रहते हुए अपनी प्रशासनिक क्षमता और सेवा भावना का परिचय दिया है। उनके अनुभव एवं कुशल कार्यशैली के आधार पर उन्हें यह महत्वपूर्ण जिम्मेदारी सौंपी गई है।
नियुक्ति के बाद प्रबंध कमेटी के अध्यक्ष जोगिंदर सिंह संधू, महासचिव अमरजीत सिंह बोपराय तथा सचिव हरभजन सिंह ने रंजीत सिंह ढिल्लों को गुरुद्वारा का सिरोपा भेंट कर सम्मानित किया और नई जिम्मेदारी के सफल निर्वहन के लिए शुभकामनाएं दीं।
बैठक में कार्यकारी निरीक्षक हरजीत सिंह, प्रकाश सिंह, सुखवंत सिंह पन्नू, हरनाम सिंह, प्रताप सिंह, गुरुपाल सिंह, कुलदीप सिंह पन्नू, जसमेल सिंह, सुखवंत सिंह भुल्लर सहित अन्य समिति सदस्य एवं गणमान्य लोग उपस्थित रहे। बैठक में गुरुद्वारा साहिब की व्यवस्थाओं को और अधिक प्रभावी बनाने तथा श्रद्धालुओं की सुविधाएं उपलब्ध कराने पर भी चर्चा की गई।

