-->

एनटीए में यंग प्रोफेशनल के 16 पदों पर भर्ती, बिना लिखित परीक्षा मिलेगा चयन, ₹80 हजार प्रतिमाह वेतन

खबरे शेयर करे -

  1. एनटीए में यंग प्रोफेशनल के 16 पदों पर भर्ती, बिना लिखित परीक्षा मिलेगा चयन, ₹80 हजार प्रतिमाह वेतन

नई दिल्ली: नेशनल टेस्टिंग एजेंसी (एनटीए) ने यंग प्रोफेशनल के विभिन्न पदों पर भर्ती के लिए आवेदन आमंत्रित किए हैं। इस भर्ती प्रक्रिया के तहत कुल 16 पदों पर नियुक्तियां की जाएंगी। इच्छुक और पात्र उम्मीदवार अधिसूचना जारी होने की तारीख से 30 दिनों के भीतर आवेदन कर सकते हैं।

एनटीए द्वारा जारी जानकारी के अनुसार, आवेदन प्रक्रिया 25 जुलाई 2026 से शुरू हो चुकी है। उम्मीदवारों को अपना आवेदन ई-मेल के माध्यम से भेजना होगा। आवेदन पत्र के साथ सभी आवश्यक दस्तावेज निर्धारित ई-मेल आईडी [dir-admin@nta.gov.in](mailto:dir-admin@nta.gov.in) पर भेजने होंगे।

भर्ती के लिए वही अभ्यर्थी आवेदन कर सकते हैं जिन्होंने सिविल सेवा परीक्षा में भाग लिया हो और प्रतिभा सेतु पोर्टल पर पंजीकरण कराया हो। इसके अलावा संबंधित क्षेत्र में पोस्ट ग्रेजुएशन, एलएलएम, सीए या समकक्ष योग्यता होना अनिवार्य है।

भर्ती अभियान के तहत यंग प्रोफेशनल (एकेडमिक रिसर्च) के 12 पद, यंग प्रोफेशनल (लीगल रिसर्च) के 2 पद और यंग प्रोफेशनल (फाइनेंस एंड अकाउंट्स रिसर्च) के 2 पद भरे जाएंगे।

चयन प्रक्रिया में लिखित परीक्षा अनिवार्य नहीं होगी। एनटीए पात्र उम्मीदवारों को शॉर्टलिस्ट कर इंटरव्यू के लिए बुलाएगा। हालांकि, आवश्यकता पड़ने पर एजेंसी लिखित परीक्षा या टास्क आधारित मूल्यांकन भी आयोजित कर सकती है।

चयनित उम्मीदवारों की नियुक्ति प्रारंभिक रूप से 24 माह के लिए की जाएगी। प्रदर्शन संतोषजनक रहने पर इस अवधि को बढ़ाकर 36 माह तक किया जा सकता है। चयनित अभ्यर्थियों को 80,000 रुपये प्रतिमाह मानदेय दिया जाएगा।

भर्ती से संबंधित विस्तृत जानकारी और आधिकारिक अधिसूचना एनटीए की आधिकारिक वेबसाइट पर उपलब्ध है। इच्छुक उम्मीदवार आवेदन करने से पहले पात्रता और अन्य शर्तों का सावधानीपूर्वक अध्ययन कर लें।


खबरे शेयर करे -