चंडीगढ़ के 4 स्कूलों को बम धमाके की धमकी, मचा हड़कंप; पुलिस और डॉग स्क्वायड ने शुरू की जांच

चंडीगढ़ के 4 स्कूलों को बम धमाके की धमकी, मचा हड़कंप; पुलिस और डॉग स्क्वायड ने शुरू की जांच

चंडीगढ़ में एक साथ चार स्कूलों को बम से उड़ाने की धमकी मिलने के बाद सुरक्षा एजेंसियां अलर्ट हो गईं। सूचना मिलते ही पुलिस ने संबंधित स्कूलों में सुरक्षा बढ़ा दी और बम डिटेक्शन टीम तथा डॉग स्क्वायड को जांच के लिए लगाया गया। फिलहाल किसी स्कूल परिसर से संदिग्ध वस्तु या विस्फोटक मिलने की पुष्टि नहीं हुई है।

धमकी की सूचना मिलते ही पुलिस कंट्रोल रूम से संबंधित अधिकारियों और टीमों को तत्काल मौके पर भेजा गया। पुलिस ने स्कूल परिसरों के साथ-साथ आसपास के इलाकों की भी जांच शुरू कर दी। सुरक्षा के मद्देनजर स्कूलों के आसपास निगरानी बढ़ाई गई है।

इन चार स्कूलों को मिली धमकी

जानकारी के मुताबिक, जिन चार स्कूलों को धमकी मिलने की सूचना है, उनमें शामिल हैं—

• कॉर्मेल कॉन्वेंट स्कूल, सेक्टर-9बी
• सेंट जॉन्स हाई स्कूल, सेक्टर-26
• सेक्रेड हार्ट सीनियर सेकेंडरी स्कूल, सेक्टर-26
• सेंट स्टीफंस स्कूल, सेक्टर-45बी

धमकी की सूचना के बाद पुलिस ने सभी स्कूलों में सुरक्षा व्यवस्था का जायजा लिया। बम डिटेक्शन टीम और डॉग स्क्वायड ने स्कूल परिसरों और आसपास के स्थानों की तलाशी ली। पुलिस फिलहाल यह पता लगाने में जुटी है कि धमकी का स्रोत क्या है और इसके पीछे किसका हाथ हो सकता है।

धमकी की पुष्टि में जुटी एजेंसियां

पुलिस के सामने फिलहाल सबसे बड़ा सवाल धमकी की विश्वसनीयता और उसके स्रोत का है। धमकी किस माध्यम से और किस नंबर या आईडी से भेजी गई, इसकी तकनीकी जांच की जा रही है। अधिकारियों का कहना है कि जांच पूरी होने तक सुरक्षा व्यवस्था में किसी तरह की ढिलाई नहीं बरती जाएगी।

इससे पहले भी मिला था बम धमकी का संदेश

गौरतलब है कि चंडीगढ़ में इससे पहले पंजाब एवं हरियाणा सचिवालय स्थित सीआईएसएफ कंट्रोल रूम को भी ई-मेल के जरिए बम धमकी मिली थी। सूचना के बाद ऑपरेशन सेल, डॉग स्क्वायड और अन्य सुरक्षा एजेंसियों ने मौके पर पहुंचकर तलाशी अभियान चलाया था। हालांकि, जांच के दौरान कोई संदिग्ध वस्तु नहीं मिली थी।

चार स्कूलों को एक साथ मिली धमकी के बाद चंडीगढ़ पुलिस और सुरक्षा एजेंसियां पूरे मामले की गंभीरता से जांच कर रही हैं।

Advertisement
Advertisement
Advertisement
Advertisement