दिनेशपुर में नशे के नेटवर्क पर पुलिस का बड़ा प्रहार

खबरे शेयर करे -

दिनेशपुर में नशे के नेटवर्क पर पुलिस का बड़ा प्रहार

57 ग्राम हेरोइन के साथ तस्कर गिरफ्तार, पूछताछ में सप्लाई चेन से जुड़े अहम सुराग

दिनेशपुर। ऊधम सिंह नगर जिले में नशे के अवैध कारोबार के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए बुकसौरा क्षेत्र से एक कथित तस्कर को गिरफ्तार कर 57 ग्राम हेरोइन बरामद की है। इस दौरान बरामद हेरोइन की अंतरराष्ट्रीय बाजार में कीमत करीब 17 लाख रुपये बताई गई है।

वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक ऊधम सिंह नगर के निर्देश तथा पुलिस अधीक्षक नगर और क्षेत्राधिकारी पंतनगर के पर्यवेक्षण में पुलिस द्वारा ग्राम बुकसौरा क्षेत्र में संदिग्ध गतिविधियों पर निगरानी और चेकिंग की दौरान पुलिस टीम ने हेरोइन बेचने के आरोप में छिन्दर सिंह पुत्र दर्शन सिंह (35 वर्ष), निवासी ग्राम बुकसौरा थाना दिनेशपुर को गिरफ्तार किया। तलाशी के दौरान उसके कब्जे से 57 ग्राम हेरोइन बरामद हुई। जिसकी बरामद हेरोइन की अंतरराष्ट्रीय बाजार में कीमत करीब 17 लाख रुपये बताई गई है। पुलिस टीम में जयनगर प्रभारी एसआई अर्जुन सिंह, एएसआई सुरेंद्र सिंह बोरा, कांस्टेबल महेंद्र, कांस्टेबल पूजा आदि मौजूद थे।

 

 

पूछताछ में मिले अहम सुराग

 

दिनेशपुर। पुलिस ने बताया कि आरोपी से पूछताछ की जा रही है। पूछताछ में बरामद मादक पदार्थ के स्रोत के संबंध में महत्वपूर्ण जानकारी सामने आई है। साथ ही क्षेत्र में मादक पदार्थों की खरीद-फरोख्त और तस्करी से जुड़े अन्य लोगों के संबंध में भी सुराग मिले हैं। पुलिस इन सूचनाओं का सत्यापन कर रही है और अब नशे की सप्लाई चेन से जुड़े अन्य लोगों तक पहुंचने की दिशा में कार्रवाई की जा रही है।

 

नशे के कारोबार पर सख्ती

 

पुलिस का कहना है कि दिनेशपुर क्षेत्र में नशे के अवैध कारोबार को किसी भी कीमत पर बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। मादक पदार्थों की बिक्री और तस्करी में शामिल लोगों की भूमिका की जांच की जा रही है। पुलिस का फोकस केवल छोटे विक्रेताओं तक सीमित न रहकर नशे की पूरी सप्लाई चेन तक पहुंचने पर है। पुलिस ने स्पष्ट किया कि युवाओं के भविष्य के साथ खिलवाड़ करने वाले नशे के कारोबारियों के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई जारी रहेगी।


खबरे शेयर करे -