



सीएम योगी के साथ सेल्फी के लिए उत्साहित दिखे जापानी छात्र, भारतीय संस्कृति और दर्शन से कराया परिचय
वसुंधरा दीप न्यूज डेस्क, लखनऊ। उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने शुक्रवार को मुख्यमंत्री आवास पर जापान के यामानाशी प्रांत से आए छात्रों और फैकल्टी सदस्यों से मुलाकात की। इस दौरान आयोजित विशेष कार्यक्रम ‘ए डायलॉग विद द फ्यूचर’ में लखनऊ के विभिन्न विद्यालयों के विद्यार्थियों ने भी हिस्सा लिया। कार्यक्रम में जापानी छात्र मुख्यमंत्री योगी के साथ सेल्फी और तस्वीरें खिंचवाने को लेकर काफी उत्साहित नजर आए।
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने अपने संबोधन की शुरुआत जापानी अभिवादन “ओहायो गोजाइमासु” से की और छात्रों का आत्मीय स्वागत किया। उन्होंने उत्तर प्रदेश को भारत की आध्यात्मिक और सांस्कृतिक चेतना का केंद्र बताते हुए कहा कि यह केवल विद्यार्थियों का मिलन नहीं, बल्कि भारत और जापान की दो संस्कृतियों, परंपराओं और युवा पीढ़ियों का संवाद है। उन्होंने छात्रों को भारतीय दर्शन, संस्कृति और मूल्यों से भी परिचित कराया।
सीएम योगी ने कहा कि अगले वर्ष भारत और जापान के राजनयिक संबंधों के 75 वर्ष पूरे होंगे और आज के ये विद्यार्थी भविष्य में दोनों देशों के संबंधों को नई ऊंचाइयों तक पहुंचाने वाले सांस्कृतिक दूत बन सकते हैं। उन्होंने कहा कि भाषा अलग हो सकती है, लेकिन सपने, सीखने की इच्छा और बेहतर भविष्य बनाने का संकल्प दोनों देशों के युवाओं को एक-दूसरे से जोड़ता है।

