भोपाल में करंट से BJP नेता की मौत

भोपाल में करंट से BJP नेता की मौत

भोपाल के एमपी नगर इलाके में रविवार रात दर्दनाक हादसे में भारतीय जनता युवा मोर्चा के जिला महामंत्री दिव्यऋषि तिवारी (29) की मौत हो गई। डीबी सिटी के सामने स्ट्रीट लाइट के पोल में करंट दौड़ रहा था। पत्नी के साथ सड़क पार करते समय दिव्यऋषि ने पोल को छू लिया, जिसके बाद वह करंट की चपेट में आकर सड़क पर गिर पड़े।

हादसे के बाद मौके पर मौजूद ट्रैफिक हेड कांस्टेबल जगदीश दांगी ने उन्हें तत्काल सीपीआर दिया और अस्पताल पहुंचाया, लेकिन डॉक्टर उन्हें बचा नहीं सके। घटना के बाद एमपी नगर पुलिस ने मर्ग कायम कर जांच शुरू कर दी है। हादसे की वजह स्ट्रीट लाइट के पोल में करंट आने को माना जा रहा है।

पुलिस के अनुसार दिव्यऋषि तिवारी पत्रकार कॉलोनी, टीटी नगर के रहने वाले थे और जिला न्यायालय में वकालत करते थे। उनके पिता आनंद तिवारी वरिष्ठ अधिवक्ता हैं, जबकि बड़े भाई दिव्यअंकुर तिवारी प्रोफेसर हैं। घटना के बाद परिवार में मातम पसरा हुआ है।

Advertisement
Advertisement
Advertisement
Advertisement