मध्य प्रदेश की राजधानी भोपाल के न्यू मार्केट में गुरुवार दोपहर छोले-भटूरे की दुकान में अचानक आग लग गई। देखते ही देखते आग की लपटें 20 से 25 फीट तक ऊंची उठने लगीं और आसपास की दुकानों व रेहड़ियों को भी अपनी चपेट में ले लिया। हादसे के दौरान तीन लोगों ने खिड़की से कूदकर अपनी जान बचाई।
प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, दुकान में छोले-भटूरे तलने के दौरान भट्टी से आग भड़की और ऊपर लगे बैनर तक पहुंच गई। इसके बाद आग तेजी से फैल गई। घटना में करीब पांच से छह दुकानें और 10 से 12 रेहड़ियां प्रभावित हुईं। दुकान में गैस सिलिंडर भी रखे थे। सिलिंडर में विस्फोट होने की बात सामने आई, हालांकि आग लगने के वास्तविक कारणों की पुष्टि जांच के बाद होगी।
घटनास्थल पर अतिक्रमण के कारण दमकल कर्मियों को आग बुझाने के लिए पहुंचने में परेशानी हुई। व्यस्त बाजार में आग फैलने से अफरा-तफरी मच गई। घटना में हुए नुकसान और आग लगने के कारणों की विस्तृत जानकारी जांच के बाद सामने आएगी।





