रुद्रपुर-किच्छा-सितारगंज में विकास परियोजनाओं का स्थलीय निरीक्षण, सचिव ने दिए समय पर काम पूरा करने के निर्देश
**रुद्रपुर।** आवास विभाग के सचिव आर. राजेश कुमार ने शनिवार को ऊधम सिंह नगर के रुद्रपुर, किच्छा और सितारगंज क्षेत्र में जिला स्तरीय विकास प्राधिकरण की ओर से कराए जा रहे विभिन्न विकास कार्यों का स्थलीय निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने परियोजनाओं की प्रगति, गुणवत्ता और कार्ययोजना की जानकारी लेते हुए अधिकारियों को समयबद्ध तरीके से निर्माण कार्य पूरा करने के निर्देश दिए।
निरीक्षण की शुरुआत रुद्रपुर में एफसीआई गोदाम के समीप मोदी मैदान से हुई, जहां प्रस्तावित **इंडोर और आउटडोर स्टेडियम** की कार्ययोजना और ले-आउट का परीक्षण किया गया। सचिव ने कार्यदायी संस्था को पूर्व में दिए गए सुझावों और संशोधनों को शामिल करते हुए निर्माण कार्य जल्द धरातल पर शुरू करने के निर्देश दिए।
इसके बाद सचिव ने **किच्छा के ग्राम खुरपिया फार्म में बने अत्याधुनिक बस अड्डे** का निरीक्षण किया। करीब 3.50 एकड़ भूमि पर **12.48 करोड़ रुपये** की लागत से तैयार इस बस अड्डे का कार्य शत-प्रतिशत पूरा होने के बाद 15 अप्रैल 2026 को उत्तराखंड परिवहन विभाग को हस्तांतरित किया जा चुका है। सचिव ने निर्माण कार्य और गुणवत्ता की प्रशंसा करते हुए कहा कि निर्माणाधीन **एम्स सैटेलाइट सेंटर और पंतनगर अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे** के नजदीक होने के कारण यह बस अड्डा क्षेत्रीय आवागमन के लिए महत्वपूर्ण साबित होगा।
वहीं, **सितारगंज के मुख्य बाजार** में 3.51 एकड़ भूमि पर करीब **9.75 करोड़ रुपये** की लागत से विकसित किए जा रहे पार्क और पार्किंग कॉम्प्लेक्स का भी निरीक्षण किया गया। परियोजना में 48 वाहनों की पार्किंग, 12 आधुनिक दुकानें, ओपन जिम, बच्चों के लिए प्ले एरिया और लैंडस्केपिंग जैसी सुविधाएं विकसित की जा रही हैं। सचिव ने काम की प्रगति पर संतोष जताते हुए शेष फिनिशिंग कार्य निर्धारित गुणवत्ता के साथ समय सीमा में पूरा करने के निर्देश दिए।
सचिव आर. राजेश कुमार ने अधिकारियों और कार्यदायी संस्थाओं को आपसी समन्वय के साथ निर्माण कार्यों में गुणवत्ता और समयबद्धता सुनिश्चित करने को कहा। उन्होंने कहा कि ये परियोजनाएं ऊधम सिंह नगर में बेहतर शहरी नियोजन, आधुनिक नागरिक सुविधाओं और स्थानीय अर्थव्यवस्था को मजबूत करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएंगी।
निरीक्षण के दौरान जिला स्तरीय विकास प्राधिकरण के उपाध्यक्ष जय किशन, सचिव पंकज कुमार उपाध्याय, सिंचाई विभाग के अधीक्षण अभियंता पी.के. दीक्षित, उत्तराखंड पेयजल निर्माण निगम के परियोजना प्रबंधक नरेंद्र नवानी सहित अन्य अधिकारी मौजूद रहे।





