सिस्टिक फाइब्रोसिस से जूझ रही हर्षिता बोरा से मिले पूर्व विधायक डॉ. प्रेम सिंह राणा, हरसंभव मदद का दिया आश्वासन
नानकमत्ता। पूर्व विधायक डॉ. प्रेम सिंह राणा ने सिस्टिक फाइब्रोसिस जैसी गंभीर बीमारी से जूझ रही बिटिया हर्षिता बोरा से उनके आवास पर मुलाकात कर उसके स्वास्थ्य का हाल जाना। इस दौरान उन्होंने हर्षिता और उसके परिजनों से बातचीत की तथा हरसंभव सहायता उपलब्ध कराने का आश्वासन दिया।
डॉ. प्रेम सिंह राणा ने हर्षिता के बेहतर उपचार एवं स्वास्थ्य लाभ के लिए आवश्यक कार्यवाही किए जाने के संबंध में माननीय सांसद अजय भट्ट से भी आग्रह किया है, ताकि बच्ची को उपचार के लिए जरूरी सहायता मिल सके।
गौरतलब है कि हर्षिता बोरा वही बच्ची है, जिसके परिवार से मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने नानकमत्ता गुरुद्वारा साहिब में मत्था टेकने के लिए जाते समय मुलाकात की थी। मुख्यमंत्री जब सुबह गुरुद्वारा साहिब की ओर जा रहे थे, उस दौरान झनकट में सड़क किनारे मुख्यमंत्री का इंतजार कर रहे हर्षिता के परिजनों को देखकर उन्होंने अपना काफिला रुकवाया था और परिवार से मुलाकात कर बच्ची के स्वास्थ्य की जानकारी ली थी।
अब पूर्व विधायक डॉ. प्रेम सिंह राणा ने हर्षिता के आवास पर पहुंचकर परिवार से मुलाकात की और उसकी मदद के लिए आवश्यक प्रयास करने का भरोसा दिलाया। हर्षिता के परिजन उसके बेहतर उपचार और स्वस्थ होने की उम्मीद लगाए हुए हैं।
हर्षिता के बेहतर स्वास्थ्य और उपचार के लिए जनप्रतिनिधियों की ओर से सहायता के प्रयास परिवार के लिए महत्वपूर्ण हैं।





