डीपीएस रुद्रपुर में ‘रामलीला : द डिवाइन लाइट विदिन अस’ का भव्य मंचन, विद्यार्थियों ने मोहा मन
रुद्रपुर
दिल्ली पब्लिक स्कूल, रुद्रपुर के विद्यालय सभागार में ‘रामलीला : द डिवाइन लाइट विदिन अस’ का भव्य मंचन किया गया। भारतीय संस्कृति, सनातन परंपरा और नैतिक मूल्यों को समर्पित इस आयोजन में विद्यार्थियों के जीवंत अभिनय, मनमोहक नृत्य, भावपूर्ण संगीत और प्रभावशाली संवादों ने उपस्थित अतिथियों, अभिभावकों एवं दर्शकों को भाव-विभोर कर दिया।
कार्यक्रम का शुभारंभ दीप प्रज्ज्वलन एवं सरस्वती वंदना के साथ हुआ। इस अवसर पर अपर जिलाधिकारी (वित्त) ऊधम सिंह नगर कौस्तुभ मिश्रा, उपजिलाधिकारी गदरपुर डॉ. अमृता दिनेश शर्मा, जिला आपदा प्रबंधन अधिकारी उमा शंकर नेगी, खाद्य निरीक्षक हरिद्वार दिनेश शर्मा तथा जिला टेनिस समिति के अध्यक्ष जगदीश सिंह बिष्ट विशिष्ट अतिथि के रूप में उपस्थित रहे।
विद्यार्थियों ने श्रीराम जन्म, वनगमन, सीता हरण, हनुमान जी की भक्ति, लंका दहन, रावण वध एवं श्रीराम के राज्याभिषेक जैसे प्रसंगों का प्रभावशाली मंचन किया। आकर्षक वेशभूषा, भव्य मंच सज्जा और उत्कृष्ट प्रकाश एवं ध्वनि संयोजन ने प्रस्तुतियों को जीवंत बना दिया। कार्यक्रम के माध्यम से सत्य, धर्म, करुणा और मर्यादा की विजय का संदेश दिया गया।
विद्यालय के चेयरमैन सुरजीत सिंह ग्रोवर ने कहा कि डीपीएस रुद्रपुर का उद्देश्य विद्यार्थियों को गुणवत्तापूर्ण शिक्षा देने के साथ-साथ तकनीकी रूप से सक्षम, संस्कारवान और जिम्मेदार नागरिक बनाना है। उन्होंने बताया कि टॉडलर से ग्रेड-II तक के विद्यार्थियों के लिए स्थापित आधुनिक जूनियर रोबोटिक्स लैब बच्चों को प्रारंभिक अवस्था से ही रोबोटिक्स, कोडिंग, तार्किक चिंतन, नवाचार एवं समस्या-समाधान कौशल से परिचित करा रही है।
उन्होंने कहा कि विद्यालय शिक्षा के साथ खेलों को भी समान महत्व देता है। राष्ट्रीय एवं राज्य स्तरीय प्रतियोगिताओं में विद्यार्थियों द्वारा अर्जित पदक विद्यालय में प्रतिभाओं को आगे बढ़ाने के प्रयासों का प्रमाण हैं। उन्होंने विद्यार्थियों से भगवान श्रीराम के सत्य, मर्यादा, अनुशासन, सेवा, समर्पण और राष्ट्रप्रेम जैसे आदर्शों को जीवन में अपनाने का आह्वान किया।
वाइस चेयरमैन हरमन सिंह ग्रोवर एवं प्रधानाचार्य चेतन चौहान ने विद्यार्थियों के प्रदर्शन की सराहना करते हुए कहा कि ऐसे सांस्कृतिक आयोजन नई पीढ़ी को भारतीय विरासत से जोड़ने के साथ उनमें आत्मविश्वास, नेतृत्व क्षमता और नैतिक मूल्यों का विकास करते हैं।
कार्यक्रम के दौरान विद्यालय के ताइक्वांडो एवं स्केटिंग खिलाड़ियों को राष्ट्रीय और राज्य स्तरीय प्रतियोगिताओं में उत्कृष्ट प्रदर्शन के लिए सम्मानित किया गया। अतिथियों ने विद्यार्थियों की प्रतिभा, अनुशासन और समर्पण की सराहना करते हुए शिक्षा, खेल, तकनीक एवं संस्कारों के क्षेत्र में विद्यालय के प्रयासों को सराहा।
अंत में धन्यवाद ज्ञापन के साथ कार्यक्रम का समापन हुआ। पूरा सभागार ‘जय श्रीराम’ के उद्घोष से गूंज उठा। रामलीला का यह भव्य आयोजन भारतीय संस्कृति, जीवन मूल्यों और आधुनिक शिक्षा के समन्वय का प्रेरणादायी उदाहरण बना। विद्यालय ने एक बार फिर शिक्षा के साथ संस्कार, नवाचार, खेल उत्कृष्टता और चरित्र निर्माण के प्रति अपनी प्रतिबद्धता प्रदर्शित की।
॥ जय श्रीराम ॥ 🚩





