जेसीज एवं डीपीएस के शिक्षकों के लिए ‘एकीकृत कहानी वाचन’ विषय पर कार्यशाला का आयोजन* 

*जेसीज एवं डीपीएस के शिक्षकों के लिए ‘एकीकृत कहानी वाचन’ विषय पर कार्यशाला का आयोजन*

अध्यापकों के शैक्षिक विकास को प्रोत्साहित करने के उद्देश्य से दिल्ली पब्लिक स्कूल, रुद्रपुर में जेसीज पब्लिक स्कूल एवं दिल्ली पब्लिक स्कूल के शिक्षकों के लिए संयुक्त रूप से ‘एकीकृत कहानी वाचन’ (Integrated Storytelling) विषय पर एक कार्यशाला का आयोजन किया गया। कार्यशाला का संचालन सुप्रसिद्ध परामर्शदाता, प्रशिक्षिका एवं टेडएक्स वक्ता सुश्री इंदु पुंज ने किया। कार्यक्रम के प्रारंभ में विद्यालय के प्रधानाचार्य एवं सेक्शन हेड्स ने उनका स्वागत किया।

 

कार्यशाला में नवीन शिक्षण पद्धतियों, भावनात्मक बुद्धिमत्ता, समावेशी कक्षा-कक्ष, विद्यार्थी कल्याण एवं कक्षा प्रबंधन जैसे महत्वपूर्ण विषयों पर चर्चा की गई। साथ ही, कहानी वाचन को विभिन्न विषयों के पाठ्यक्रम से जोड़कर शिक्षण प्रक्रिया को अधिक रोचक, संवादात्मक एवं प्रभावी बनाने की तकनीकों पर प्रकाश डाला गया। कार्यशाला के दौरान शिक्षकों ने कहानी वाचन पर आधारित विभिन्न रोचक एवं रचनात्मक गतिविधियों में उत्साहपूर्वक प्रतिभाग किया। इन गतिविधियों के माध्यम से उन्होंने अनुभव किया कि किस प्रकार कहानियों के जरिए विद्यार्थियों की कल्पनाशीलता, रचनात्मकता और सीखने के प्रति रुचि को बढ़ाया जा सकता है।

 

अपने संबोधन में सुश्री इंदु पुंज ने कहा, “कहानियाँ ज्ञान और मानव हृदय के बीच सेतु हैं। जब शिक्षक उन्हें कुशलता से कहना सीख लेते हैं, तो प्रत्येक कक्षा ज्ञानवर्धक और रोचक बन जाती है।” उन्होंने शिक्षकों को कहानी वाचन की तकनीकों को अपनी दैनिक शिक्षण प्रक्रिया का हिस्सा बनाने के लिए प्रेरित किया।

 

इस अवसर पर विद्यालय के महासचिव श्री सुरजीत सिंह ग्रोवर ने कहा कि शिक्षा के क्षेत्र में निरंतर हो रहे परिवर्तनों के अनुरूप अपने ज्ञान एवं कौशल को अद्यतन रखना आवश्यक है। ऐसी सार्थक एवं ज्ञानवर्धक कार्यशालाएँ शिक्षकों को नई शिक्षण विधियों से परिचित कराने के साथ-साथ उन्हें कक्षा-कक्ष में प्रभावी ढंग से लागू करने के लिए प्रेरित करती हैं। प्रत्येक शिक्षक के लिए निरंतर सीखना और अपने शिक्षण में नवाचार अपनाना अत्यंत महत्वपूर्ण है।

 

कार्यशाला के अंत में विद्यालय के प्रधानाचार्य ने सुश्री इंदु पुंज के प्रति आभार व्यक्त किया तथा उनके मार्गदर्शन को शिक्षकों के लिए उपयोगी एवं प्रेरणादायी बताया। इस संयुक्त कार्यशाला में जेसीज पब्लिक स्कूल, रुद्रपुर तथा दिल्ली पब्लिक स्कूल, रुद्रपुर के शिक्षकों ने प्रतिभाग किया। कार्यशाला का मुख्य उद्देश्य शिक्षण प्रक्रिया को अधिक आनंददायक, सहभागितापूर्ण एवं विद्यार्थी-केंद्रित बनाना तथा शिक्षकों को नवीन शिक्षण रणनीतियों को अपनाने के लिए प्रोत्साहित करना रहा।

Advertisement
Advertisement
Advertisement
Advertisement