बिहार: 19 नवंबर से शुरू होंगी मैट्रिक-इंटर की सेंटअप परीक्षाएं, अनुपस्थित रहे तो बोर्ड परीक्षा से चूकेंगे
बिहार बोर्ड की मैट्रिक और इंटरमीडिएट की वार्षिक परीक्षा से पहले सेंटअप परीक्षाओं की तारीख तय कर दी गई है। इंटरमीडिएट की सेंटअप परीक्षा 19 से 28 नवंबर तक आयोजित होने की संभावना है, जबकि मैट्रिक की परीक्षा 23 से 27 नवंबर तक होगी। बोर्ड परीक्षा में शामिल होने के लिए विद्यार्थियों को सेंटअप परीक्षा में शामिल होना अनिवार्य होगा।
शिक्षा विभाग के निर्देशों के अनुसार, विद्यार्थियों के लिए स्कूल में कम से कम 75 प्रतिशत उपस्थिति अनिवार्य रखी गई है। निर्धारित उपस्थिति पूरी नहीं करने वाले विद्यार्थी सेंटअप परीक्षा में शामिल नहीं हो सकेंगे। ऐसे में छात्रों को अपनी उपस्थिति और परीक्षा की तैयारी पर विशेष ध्यान देना होगा।
बिहार विद्यालय परीक्षा समिति की ओर से परीक्षा की तिथियां निर्धारित होने के बाद स्कूलों में तैयारियां शुरू कर दी गई हैं। सेंटअप परीक्षा में अनुपस्थित रहने या असफल होने वाले विद्यार्थियों को वार्षिक मैट्रिक और इंटरमीडिएट बोर्ड परीक्षा में शामिल होने का मौका नहीं मिलेगा।




