मनोरंजन: गौरव खन्ना-श्रद्धा आर्या के नए शो का टाइटल हुआ फाइनल, नवंबर में हो सकता है लॉन्च
टीवी अभिनेता गौरव खन्ना और श्रद्धा आर्या के फैंस के लिए खुशखबरी है। स्टार प्लस के आगामी रोमांटिक शो के नाम से पर्दा उठ गया है। एकता कपूर के प्रोडक्शन में बनने वाले इस सीरियल का टाइटल ‘दिल की बेवफाइयां’ रखा गया है। शो के टीजर में मुख्य किरदारों के नाम भी सामने आ गए हैं। इसमें श्रद्धा आर्या जानकी और गौरव खन्ना मानव की भूमिका निभाते नजर आएंगे।
गौरव खन्ना ने बिग बॉस के मंच पर एकता कपूर के साथ काम करने की इच्छा जताई थी। अब उनका यह सपना पूरा होने जा रहा है। दोनों कलाकारों ने हाल ही में शो के प्रोमो की शूटिंग भी की है। हालांकि, उन्होंने कहानी और किरदारों से जुड़ी ज्यादा जानकारी साझा नहीं की है।
मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक, शो दिवाली के बाद लॉन्च हो सकता है और नवंबर के आखिरी सप्ताह तक दर्शकों के बीच आ सकता है। इसकी शूटिंग के लिए ‘क्योंकि सास भी कभी बहू थी’ के सेट की जगह नया सेट तैयार किया जा रहा है। बताया जा रहा है कि शो रात 9 बजे प्रसारित हो सकता है। हालांकि, इसकी आधिकारिक प्रसारण तिथि की घोषणा अभी नहीं हुई है।




