छत्तीसगढ़: 33 पुलिस अधिकारियों के तबादले, रायपुर में भी बदली जिम्मेदारियां
छत्तीसगढ़ शासन के गृह विभाग ने राज्य पुलिस सेवा के 33 अधिकारियों का प्रशासनिक तबादला किया है। शुक्रवार 30 अक्टूबर को जारी आदेश के अनुसार सभी अधिकारियों को तत्काल प्रभाव से आगामी आदेश तक नई जिम्मेदारी सौंपी गई है। इस फेरबदल में रायपुर नगरीय पुलिस के अधिकारियों की पदस्थापना में भी बदलाव किया गया है।
आदेश के तहत गरियाबंद में तैनात डीएसपी लतेश सिंह और सुकमा में पदस्थ डीएसपी सौरभ उईके को सहायक पुलिस आयुक्त (यातायात), रायपुर नगरीय बनाया गया है। वहीं पुलिस मुख्यालय नवा रायपुर की विशेष शाखा में तैनात डीएसपी मणीशंकर चंद्रा को सहायक पुलिस आयुक्त (पुलिस लाइन), रायपुर की जिम्मेदारी दी गई है। रायपुर पुलिस लाइन में तैनात डीएसपी नीलेश द्विवेदी को विशेष शाखा, पुलिस मुख्यालय भेजा गया है।
इसके अलावा बिलासपुर, धमतरी, बलरामपुर, कोरबा, बेमेतरा, बालोद, सरगुजा, नारायणपुर, सुकमा, कोरिया और राजनांदगांव समेत कई जिलों में अधिकारियों की जिम्मेदारियां बदली गई हैं। धमतरी के अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक शैलेष कुमार पांडेय को बलरामपुर भेजा गया है, जबकि नितीश कुमार ठाकुर को बेमेतरा में अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक बनाया गया है। तबादला सूची में यातायात, विशेष शाखा, एंटी ह्यूमन ट्रैफिकिंग यूनिट, डीआरजी और अन्य इकाइयों में भी नई पदस्थापनाएं शामिल हैं।




