मध्य प्रदेश: कूनो में चीते की हत्या पर बड़ी कार्रवाई, 12 वनकर्मी सस्पेंड और 3 शिकारी गिरफ्तार

मध्य प्रदेश के कूनो नेशनल पार्क में मादा चीता निर्वा के 19 माह के शावक की गोली मारकर हत्या के मामले में वन विभाग ने बड़ी कार्रवाई की है। निगरानी और ट्रैकिंग में लापरवाही सामने आने के बाद दो रेंजर और डिप्टी रेंजर समेत करीब 12 अधिकारी-कर्मचारियों को निलंबित कर दिया गया है। वहीं, मामले में सात लोगों के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज की गई है और तीन संदिग्ध शिकारियों को अवैध हथियारों के साथ गिरफ्तार किया गया है।

जांच के दौरान सामने आया कि घायल चीते के खून के निशान घटनास्थल से करीब 14 किलोमीटर दूर काला खेत के जंगलों में भी मिले हैं। आशंका है कि गोली लगने के बाद चीता काफी दूर तक दर्द में भटकता रहा, लेकिन निगरानी और गश्ती टीम को इसकी जानकारी नहीं मिल सकी। इस लापरवाही को कार्रवाई की प्रमुख वजह माना जा रहा है।

मामले की जांच के लिए एसटीएफ, पुलिस और वन विभाग की टीमें लगातार छापेमारी कर रही हैं। श्योपुर के मढ़ा और नितनमास गांवों से करीब 25 संदिग्धों को हिरासत में लेकर पूछताछ की गई है। केंद्रीय वन एवं पर्यावरण मंत्री भूपेंद्र यादव ने भी मामले का संज्ञान लेते हुए अधिकारियों से वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के जरिए सुरक्षा व्यवस्था और जांच की समीक्षा की है। वहीं, वन विभाग का दावा है कि पूछताछ में अहम सुराग मिले हैं।