बिहार: भोजपुर में नशे में धुत युवक ने ग्रामीण पर तानी पिस्टल, फायरिंग का वीडियो वायरल; गिरफ्तार
भोजपुर जिले के उदवंतनगर थाना क्षेत्र के बसौरी गांव में शराब के नशे में पिस्टल लहराकर ग्रामीण को धमकाने और फायरिंग करने के आरोप में पुलिस ने सुनील कुमार को गिरफ्तार किया है। घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल होने के बाद पुलिस हरकत में आई। ग्रामीणों ने आरोपित को पकड़कर पुलिस के हवाले कर दिया। उसके पास से वारदात में इस्तेमाल देसी पिस्टल भी बरामद की गई है।
पुलिस के अनुसार, गांव के वीरेंद्र सिंह ने सुनील कुमार के खिलाफ नामजद प्राथमिकी दर्ज कराई है। शिकायत के मुताबिक, वीरेंद्र सिंह अपने गांव के संजय सिंह के साथ बसौरी पुल पर बैठे थे। इसी दौरान सुनील बाइक से वहां पहुंचा और शराब के नशे में गाली-गलौज करने लगा। विरोध करने पर उसने पिस्टल निकालकर फायरिंग कर दी।
घटना के बाद आरोपित भागने लगा, लेकिन ग्रामीणों ने उसे पकड़ लिया। उदवंतनगर थानाध्यक्ष जयंत प्रकाश ने बताया कि गिरफ्तार सुनील कुमार पहले भी मारपीट के मामलों में आरोपित रहा है। पुलिस ने प्राथमिकी दर्ज कर मामले की जांच शुरू कर दी है।




