राजस्थान: सचिन पायलट का भाजपा पर हमला, बोले- फैसले बदलकर जनता से हो रहा खिलवाड़

राजस्थान: सचिन पायलट का भाजपा पर हमला, बोले- फैसले बदलकर जनता से हो रहा खिलवाड़

कांग्रेस के राष्ट्रीय महासचिव सचिन पायलट ने केंद्र की भाजपा सरकार पर निशाना साधते हुए आरोप लगाया कि सरकार पहले फैसले लेती है और फिर बार-बार उन्हें वापस लेती है। जयपुर में मीडिया से बातचीत के दौरान उन्होंने तीन कृषि कानूनों, जातिगत जनगणना और अग्निवीर योजना का उदाहरण देते हुए कहा कि गंभीर मुद्दों पर सरकार के फैसलों में बार-बार बदलाव से जनता के साथ खिलवाड़ हो रहा है।

पायलट ने कहा कि किसान डेढ़ साल तक कृषि कानूनों के खिलाफ आंदोलन करते रहे, जबकि अग्निवीर योजना से युवाओं के भविष्य को लेकर अनिश्चितता बनी हुई है। उन्होंने आरोप लगाया कि देश में बेरोजगारी और महंगाई से युवा परेशान हैं और किसान भी असंतुष्ट हैं। भाजपा को सत्ता में 12 साल का अवसर मिला, लेकिन अब जनता बदलाव चाहती है और पार्टी की उल्टी गिनती शुरू हो गई है।

उन्होंने चुनाव आयोग और मतदाता सूची के विशेष गहन पुनरीक्षण (एसआईआर) पर भी सवाल उठाए। पायलट ने आरोप लगाया कि मतदाता सूची से करोड़ों नाम हटाने की कोशिश लोकतांत्रिक अधिकारों के साथ खिलवाड़ है। पंजाब के राजनीतिक हालात पर उन्होंने कहा कि आम आदमी पार्टी कमजोर हो रही है और वहां मुख्य मुकाबला कांग्रेस व आप के बीच रहेगा। उन्होंने भाजपा पर संवैधानिक संस्थाओं और जांच एजेंसियों के दुरुपयोग का आरोप भी लगाया।

Advertisement
Advertisement
Advertisement
Advertisement