झारखंड: छठ के बाद ट्रेनों में भारी भीड़, 15 दिन तक कंफर्म टिकट मिलना मुश्किल; स्पेशल ट्रेनें चलेंगी

झारखंड: छठ के बाद ट्रेनों में भारी भीड़, 15 दिन तक कंफर्म टिकट मिलना मुश्किल; स्पेशल ट्रेनें चलेंगी

छठ महापर्व के बाद काम पर लौटने वाले यात्रियों की भीड़ बढ़ने से धनबाद होकर गुजरने वाली लंबी दूरी की ट्रेनों में टिकटों की भारी किल्लत हो गई है। अगले 15 दिनों तक ज्यादातर ट्रेनों में कंफर्म टिकट मिलना मुश्किल है। हावड़ा-नई दिल्ली राजधानी एक्सप्रेस के सेकंड एसी में भी एक दिसंबर तक ज्यादातर दिनों में नो रूम की स्थिति बनी हुई है। रेलवे ने यात्रियों की सुविधा के लिए कई स्पेशल ट्रेनें चलाने का फैसला किया है।

उत्तर बिहार से दक्षिण भारत जाने वाले यात्रियों के लिए मंगलवार को रक्सौल-चर्लपल्ली वनवे स्पेशल ट्रेन चलाई जाएगी। ट्रेन संख्या 05553 रक्सौल से दोपहर 12:40 बजे रवाना होकर बुधवार तड़के 3:15 बजे धनबाद पहुंचेगी और गुरुवार दोपहर 12 बजे चर्लपल्ली पहुंचेगी। वहीं, 18 नवंबर को दरभंगा-पोत्तनूर स्पेशल ट्रेन संख्या 05591 सुबह 7:05 बजे दरभंगा से रवाना होगी। यह शाम 4:10 बजे धनबाद, 6:20 बजे बोकारो और रात 8:30 बजे रांची पहुंचेगी। शुक्रवार दोपहर 3:30 बजे पोत्तनूर पहुंचेगी।

मुंबई जाने वाले यात्रियों की परेशानी सबसे ज्यादा है। रेलवे ने मुंबई के लिए कोई अतिरिक्त स्पेशल ट्रेन नहीं चलाई है। धनबाद होकर चलने वाली हावड़ा-मुंबई मेल और धनबाद-लोकमान्य तिलक साप्ताहिक एक्सप्रेस में 30 नवंबर तक लंबी वेटिंग चल रही है। इसके अलावा धनबाद-दिल्ली स्पेशल 28 नवंबर तक प्रत्येक शनिवार, धनबाद-शकूरबस्ती स्पेशल 30 नवंबर तक सोमवार और शुक्रवार तथा धनबाद-सोगरिया स्पेशल 28 नवंबर तक प्रत्येक शनिवार चलेगी। अन्य शहरों के लिए भी नवंबर के दौरान कई स्पेशल ट्रेनों का संचालन किया जा रहा है।

Advertisement
Advertisement
Advertisement
Advertisement