झारखंड: जमीन घोटाले में तीसरे IAS अधिकारी गिरफ्तार, छह अफसर न्यायिक हिरासत में
रांची के रिम्स जमीन घोटाले में भ्रष्टाचार निरोधक ब्यूरो (एसीबी) ने पूर्व एलआरडीसी मनोज कुमार रंजन समेत छह अधिकारियों को गिरफ्तार किया है। बुधवार को सभी आरोपियों को एसीबी की विशेष अदालत में पेश किया गया, जहां से उन्हें न्यायिक हिरासत में रांची के होटवार स्थित बिरसा मुंडा केंद्रीय कारागार भेज दिया गया। मनोज कुमार रंजन झारखंड में एसीबी के हाथों गिरफ्तार होने वाले तीसरे आईएएस अधिकारी हैं।
गिरफ्तार अधिकारियों में तत्कालीन एलआरडीसी मनोज कुमार रंजन, सब रजिस्ट्रार अविनाश कुमार, वैभव मणि त्रिपाठी, राहुल कुमार चौबे, तत्कालीन बड़गाईं अंचलाधिकारी शैलेश कुमार और शहर अंचलाधिकारी राजेश कुमार शामिल हैं। मनोज रंजन वर्तमान में शिक्षा विभाग में निदेशक के पद पर तैनात थे। इससे पहले एसीबी वरिष्ठ आईएएस विनय कुमार चौबे और सेवानिवृत्त आईएएस अमित प्रकाश को भी गिरफ्तार कर जेल भेज चुकी है। दोनों फिलहाल जमानत पर हैं।
जांच के अनुसार, फर्जी वंशावली तैयार कर रिम्स की करीब 9.65 एकड़ जमीन की अवैध खरीद-बिक्री की गई। आरोप है कि जमीन दलालों, बिल्डरों और अधिकारियों के गठजोड़ ने करोड़ों रुपये की जमीन पर कब्जा कर अपार्टमेंट निर्माण कराया। हाईकोर्ट के आदेश के बाद अवैध निर्माण हटाकर जमीन रिम्स को वापस दिलाई गई। मामले की जांच हाईकोर्ट के निर्देश पर एसीबी कर रही है। इस प्रकरण में अब तक कुल 11 आरोपियों को गिरफ्तार कर जेल भेजा जा चुका है और जांच जारी है।




