राजस्थान: उदयपुर में मंदिरों को निशाना बनाने वाली गैंग का सरगना गिरफ्तार, एक रात में 5 मंदिर और 3 मकान खंगाले थे

राजस्थान: उदयपुर में मंदिरों को निशाना बनाने वाली गैंग का सरगना गिरफ्तार, एक रात में 5 मंदिर और 3 मकान खंगाले थे

उदयपुर पुलिस ने मंदिरों और मकानों में चोरी की वारदातों को अंजाम देने वाले गिरोह के फरार सरगना को गिरफ्तार कर लिया है। सुखेर थाना पुलिस ने 5 हजार रुपये के इनामी आरोपी दुर्गेश उर्फ दुर्गा लाल को ओगणा क्षेत्र के घने जंगलों से दबोचा। आरोपी ने अपने साथियों के साथ 26 सितंबर 2026 की रात डांगियों का गुड़ा गांव में पांच मंदिरों और तीन बंद मकानों को निशाना बनाया था। बदमाशों ने मंदिरों के ताले तोड़कर चांदी की मूर्तियां, चांदी के छत्र और दानपेटियों से नकदी चोरी की थी।

घटना के बाद पुलिस अधीक्षक डॉ. अमृता दुहन के निर्देश पर विशेष टीम गठित की गई थी। पुलिस ने कार्रवाई करते हुए गिरोह के तीन सदस्यों मेघाराम, कमलेश और भैराराम को पहले ही गिरफ्तार कर लिया था। इनके कब्जे से चोरी की मूर्तियां और पूजा सामग्री भी बरामद की गई थी, लेकिन गिरोह का मुख्य सरगना दुर्गेश फरार चल रहा था। उसकी गिरफ्तारी पर पुलिस ने पांच हजार रुपये का इनाम घोषित किया था।

आरोपी ओगणा थाना क्षेत्र के शीतला घाटी पड़ावली गांव का निवासी है। मोबाइल नेटवर्क की सुविधा नहीं होने और आसपास घने जंगल व दुर्गम पहाड़ी इलाका होने के कारण पुलिस को उसकी तलाश में काफी मशक्कत करनी पड़ी। आखिरकार मुखबिर की सूचना और कांस्टेबल अचलाराम की विशेष भूमिका से पुलिस ने 15 नवंबर को जंगल में दबिश देकर उसे गिरफ्तार कर लिया। पुलिस के अनुसार आरोपी के खिलाफ आर्म्स एक्ट, नकबजनी और चोरी के मामले भी दर्ज हैं।

Advertisement
Advertisement
Advertisement
Advertisement