राजस्थान के जोधपुर एयरबेस पर भारत समेत आठ देशों की वायुसेनाओं का ‘तरंग शक्ति-2026’ हवाई युद्धाभ्यास जारी है। अभ्यास के दौरान भारतीय वायुसेना के एक पायलट ने राफेल लड़ाकू विमान के कॉकपिट से वीडियो बनाया। फ्रांसीसी वायुसेना के राफेल विमान भी अभ्यास में शामिल हैं।
तरंग शक्ति के तहत जोधपुर के आसमान में दिन और रात दोनों समय हवाई अभ्यास किया जा रहा है। रात के अभ्यास के दौरान लड़ाकू विमानों के आफ्टरबर्नर की तेज गर्जना से आसमान गूंज उठा। अभ्यास में अलग-अलग देशों की वायुसेनाएं संयुक्त अभियानों और युद्धक क्षमताओं का प्रदर्शन कर रही हैं।
अभ्यास में जर्मनी ने अपने अत्याधुनिक ए400एम एटलस परिवहन विमान को भी तैनात किया है। वहीं, फ्रांस के राफेल विमान भी संयुक्त अभ्यास का हिस्सा हैं। यह युद्धाभ्यास विभिन्न देशों की वायुसेनाओं के बीच सहयोग और परिचालन समन्वय को मजबूत करने के उद्देश्य से आयोजित किया जा रहा है।





