डालाईरान: गर्भवती बेटी की ऑनर किलिंग, माता-पिता ने पहले जहर दिया, फिर तकिए से घोंटकर मार
ईरान के सनंदाज शहर में इंसानियत को झकझोर देने वाली घटना सामने आई है। यहां 19 साल की गर्भवती युवती हेलिया फत्ताही की उसके ही माता-पिता ने कथित तौर पर ऑनर किलिंग के नाम पर बेरहमी से हत्या कर दी। बताया जा रहा है कि हेलिया एक युवक के साथ रिश्ते में थी और दो महीने की गर्भवती थी। जब उसने पिछले सप्ताह अपने परिवार को गर्भवती होने की जानकारी दी तो माता-पिता भड़क गए। आरोप है कि उन्होंने पहले उसे करीब 30 दौरे रोकने वाली गोलियां जबरन खिला दीं और इसके बाद बेरहमी से पिटाई की।
ईरान इंटरनेशनल की रिपोर्ट के मुताबिक, घटना के बाद आरोपी माता-पिता वोरिया फत्ताही और लैला वेइस ने अपनी बेटी के खिलाफ अदालत में शिकायत दर्ज कराने की कोशिश भी की थी। बताया गया है कि 21 नवंबर को घर लौटने के बाद उन्होंने हेलिया को जबरन दवाइयां खिलाईं। इसके बावजूद जब वह जिंदा बच गई तो आरोपियों ने तकिए से उसका मुंह दबाकर गला घोंट दिया। मानवाधिकार संगठन हेंगाव के अनुसार, पुलिस ने दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है। पूछताछ के दौरान उन्होंने कथित तौर पर हत्या की बात स्वीकार की है।
इस घटना के बाद ईरान में महिलाओं की सुरक्षा और ऑनर किलिंग से जुड़े कानूनों को लेकर एक बार फिर सवाल उठने लगे हैं। मानवाधिकार संगठनों हेंगाव और हाना ने इस घटना की कड़ी निंदा करते हुए कहा है कि घरेलू हिंसा से महिलाओं और बच्चों की सुरक्षा के लिए प्रभावी कानूनों की कमी तथा ऑनर किलिंग के मामलों में हल्की सजा मिलने से ऐसे अपराधों को बढ़ावा मिलता है। रिपोर्ट के मुताबिक, एक सप्ताह के भीतर ईरान में किसी युवा महिला की हत्या का यह तीसरा मामला है। इससे पहले 23 वर्षीय सदाफ हघबिन की गोली मारकर हत्या और 16 वर्षीय सोगंद सयादी की पांचवीं मंजिल से गिरने से मौत का मामला भी सामने आया था।




