राजस्थान: एयरगन साफ करते समय चली गोली, नव निर्वाचित महिला सरपंच की मौत; हत्या की आशंका से मचा हड़कंप
राजस्थान के नागौर जिले के टुंकलिया गांव में एक दर्दनाक हादसे ने हर किसी को हैरान कर दिया। यहां नव निर्वाचित सरपंच शैलू राजपुरोहित की एयरगन से निकले छर्रे लगने के कारण मौत हो गई। जानकारी के मुताबिक, मंगलवार को शैलू घर में एयरगन साफ कर रही थीं। इसी दौरान अचानक ट्रिगर दब गया और एयरगन से निकले छर्रे सीधे उनके सीने में जा लगे। घटना के बाद परिजन उन्हें तत्काल उपचार के लिए जोधपुर ले जाने के लिए निकले, लेकिन अस्पताल पहुंचने से पहले ही रास्ते में उनकी मौत हो गई।
शैलू राजपुरोहित ने हाल ही में संपन्न हुए पंचायत चुनाव में शानदार जीत दर्ज की थी। उन्होंने अपने प्रतिद्वंद्वी को 155 मतों से हराकर सरपंच का चुनाव जीता था। चुनाव जीतने के कुछ ही समय बाद हुई इस घटना से गांव में शोक का माहौल है। गोटन थाना प्रभारी सुमन चौधरी के मुताबिक, एयरगन से छर्रे लगने के कारण शैलू की मौत हुई है। पुलिस पूरे घटनाक्रम की जानकारी जुटा रही है और मामले के सभी पहलुओं की जांच की जा रही है।
इस बीच नागौर सांसद और राष्ट्रीय लोकतांत्रिक पार्टी के अध्यक्ष हनुमान बेनीवाल ने घटना पर सवाल उठाते हुए शैलू की गोली मारकर हत्या किए जाने की आशंका जताई है। उन्होंने पुलिस प्रशासन से मामले की निष्पक्ष जांच कराने की मांग की है। हालांकि, मृतका के परिजनों ने हत्या की आशंका को खारिज किया है। फिलहाल पुलिस हादसे और अन्य संभावित पहलुओं को ध्यान में रखते हुए जांच कर रही है। घटना ने गांव में कई सवाल खड़े कर दिए हैं।




