उत्तर प्रदेश: पर्यटन विभाग में इंजीनियरों की भर्ती, बिना परीक्षा मिलेगा मौका
उत्तर प्रदेश के पर्यटन विभाग में सरकारी नौकरी की तैयारी कर रहे इंजीनियरिंग डिग्रीधारकों के लिए भर्ती निकाली गई है। उत्तर प्रदेश राज्य पर्यटन विकास निगम (यूपीएसटीडीसी) की ओर से असिस्टेंट इंजीनियर और जूनियर इंजीनियर के पदों पर आवेदन मांगे गए हैं। इस भर्ती की खास बात यह है कि उम्मीदवारों को चयन के लिए लिखित परीक्षा नहीं देनी होगी। इच्छुक और योग्य अभ्यर्थी 31 दिसंबर 2026 तक ऑफलाइन आवेदन कर सकते हैं।
भर्ती के तहत असिस्टेंट इंजीनियर पद पर चयनित उम्मीदवारों को 15,000 से 39,100 रुपये प्रतिमाह और जूनियर इंजीनियर पद पर 9,300 से 34,800 रुपये प्रतिमाह वेतन दिया जाएगा। आवेदन करने के लिए उम्मीदवार की अधिकतम आयु 55 वर्ष निर्धारित की गई है। इसके अलावा संबंधित पद के अनुसार अभ्यर्थी के पास संबंधित क्षेत्र में स्नातक या स्नातकोत्तर की डिग्री होना जरूरी है। भर्ती में प्रतिनियुक्ति की अवधि तीन वर्ष होगी, जिसे जरूरत के अनुसार पांच वर्ष तक बढ़ाया जा सकता है।
आवेदन प्रक्रिया ऑफलाइन रखी गई है। उम्मीदवार निर्धारित आवेदन-पत्र भरकर उत्तर प्रदेश राज्य पर्यटन विकास निगम के कार्यालय, सी-13, विपिन खंड, गोमतीनगर, लखनऊ में डाक या स्पीड पोस्ट के माध्यम से भेज सकते हैं। अभ्यर्थी चाहें तो आवेदन-पत्र कार्यालय में स्वयं जाकर भी जमा कर सकते हैं। उम्मीदवारों का चयन इंटरव्यू में प्रदर्शन के आधार पर किया जाएगा। भर्ती में कोई लिखित परीक्षा नहीं होगी, लेकिन इंटरव्यू में शामिल होना अनिवार्य है। इच्छुक उम्मीदवारों को सलाह दी गई है कि वे अंतिम तिथि 31 दिसंबर से पहले आवेदन प्रक्रिया पूरी कर लें।




