चार दर्जन से अधिक मुकदमों में वांछित 50 हजार का ईनामी दिल्ली एयरपोर्ट से गिरफ्तार, दुबई भागने की फिराक में था

रुद्रपुर। ऊधमसिंह नगर पुलिस को बड़ी सफलता हाथ लगी है। पुलिस ने चार दर्जन से अधिक मुकदमों में वांछित 50 हजार रुपये के ईनामी को दिल्ली एयरपोर्ट से गिरफ्तार किया है, जोकि दुबई भागने की फिराक में था। उक्त अभियुक्त गदरपुर में फायरिंग मामले में लिप्त था, जिसपर वर्ष 2022 में 2 मुकदमे दर्ज हुए हैं।
बता दें डीजीपी अशोक कुमार के निर्देशन में प्रदेशभर में वांछित अपराधियों की धरपकड़ को निर्देशित किया गया है। जिस क्रम में जिले के कप्तान डॉ. मंजूनाथ टीसी ने अपराधियों की धरपकड़ हेतु अधिकारियों को निर्देश दिये हैं। कप्तान मंजूनाथ टीसी के निर्देशन में एसओजी प्रभारी बिजेन्द्र शाह के नेतृत्व में वांछित अपराधी जुगराज सिंह उर्फ जग्गा प्रधान की गिरफ्तारी हेतु टीम का गठन किया। टीम द्वारा निरंतर अभियुक्त जुगराज सिंह की तालाश की जा रही थी, जहां अथक प्रयासों से गठित टीम ने जुगराज सिंह उर्फ जग्गा को दिल्ली एयरपोर्ट से गिरफ्तार किया। बता दें अभियुक्त जुगराज सिंह जग्गा दुबई भागने की फिराक में था। जिसके पास से पासपोर्ट, एयर टिकट व 36 हजार 500 रुपये बरामद किये हैं। अभियुक्त जुगराज सिंह उर्फ जग्गा की निशानदेही पर एक पिस्टल 7.62 एमएम, 2 जिंदा कारतूस बरामद किये हैं।
बता दें अभियुक्त जुगराज सिंह उर्फ जग्गा के नाबालिग होने के दौरान उस पर राजस्थान में 20 मुकदमे दर्ज थे। जहां अब उत्तरप्रदेश में 15 से अधिक, दिल्ली में 10 से अधिक मुकदमे दर्ज हैं। जानकारी देते हुए एसएसपी डॉं. मंजूनाथ टीसी ने बताया कि उक्त अभियुक्त शातिर किस्म का अपराधी है, जिसपर देशभर में करीब चार दर्जन से अधिक मुकदमे दर्ज हैं। उक्त अभियुक्त से पूछताछ की जायेगी कि वह पंजाब के किसी गैंग से जुड़ा हुआ तो नहीं है। वहीं बीते दिनों बाजपुर में हुए मर्डर को लेकर भी पूछताछ की जायेगी।

Advertisement
Advertisement
Advertisement
Advertisement