UP में अग्निपथ विरोध- बलिया में फूंकी ट्रेन, आगरा-लखनऊ एक्सप्रेस वे जाम, चंदौली-अमेठी में प्रदर्शन

लखनऊ। उत्तर प्रदेश में लगातार हो रही हिंसाओं को देखते हुए पुलिस हाई अलर्ट पर है। नुपुर शर्मा के विवादित बयान के विरोध में पहले कानपुर में और फिर पिछले शुक्रवार को जुमे की नमाज के बाद प्रयागराज समेत अन्य जिलों में हिंसा हुई। उपद्रवियों ने तोड़फोड़, आगजनी और पत्थरबाजी की। इस सभी को देखते हुए इस बार पुलिस हिंसा होने से पहले रोकने की कोशिश करने के लिए हाई अलर्ट पर तैनात है। संवेदनशील इलाकों में ज्यादा फोर्स लगाई गई है। कई इलाकों में ड्रोन की मदद से निगरानी की जा रही है।
वहीं अग्निपथ योजना के खिलाफ शुक्रवार सुबह से ही प्रदर्शन शुरू हो गया। उपद्रवियों ने अग्निपथ के विरोध में बलिया में एक खड़ी ट्रेन में आग लगा दी। ट्रेन की कई बोगियां काटकर अलग करनी पड़ी। इसके अलावा बलिया में स्टेशन पर तोड़-फोड़ भी की गई। कुछ उपद्रवियों ने आगरा-लखनऊ एक्सप्रेस वे जाम कर दिया और रोडवेज बस में तोड़फोड़ की। चंदौली में ट्रेन रोकर और अमेठी में धरना प्रदर्शन करके विरोध किया गया। पुलिस राज्य में हाई अलर्ट पर है और उपद्रवियों को काबू करने में लगी है।

बाराबंकी में अग्निपथ को लेकर युवाओं का प्रदर्शन
सेना मेें भर्ती की तैयारी कर रहे युवाओं ने अग्निपथ को लेकर नाराजगी जताते हुए प्रदर्शन किया। युवाओं की मांग थी कि केन्द्र सरकार अग्निवीर सैनिकों की भर्ती संबंधी आदेश वापस ले। युवाओं ने कहा कि पूर्व की भांति सेना मे भर्ती की जाए। विभिन्न गांवो से आए युवाओं ने एसडीएम के माध्यम से ज्ञापन सौपा। युवाओं के प्रदर्शन को लेकर पुलिस विभाग एलर्ट था। प्रदर्शन स्थल से लेकर तहसील तक भारी संख्या मे पुलिस बल की तैनाती थी।

वाराणसीः रोडवेज में उपद्रवियों का हंगामा, दर्जनभर बसों में तोड़फोड़
वाराणसी में भी उपद्रवियों ने हंगामा किया और रोडवेज में दर्जनभर बसों में तोड़फोड़ की। रोडवेज, सारनाथ, अंधरापुल आदि स्थानों पर पत्थरबाजी भी की गई। कैंट स्टेशन में प्रवेश से रोकने पर भड़के युवकों ने प्रदर्शन किया। रेलवे स्टेशन के निर्माणाधीन प्लेटफार्म नम्बर 10 के पास आगजनी की कोशिश की गई। कैंट और रोडवेज के आसपास सभी दुकानें बंद करवाई गई और भीड़ में उपद्रवियों की तलाश हो रही है। पुलिस बल तैनात है। वाहनों को चेक करने के बाद प्रवेश दिया जा रहा है।

Advertisement
Advertisement
Advertisement
Advertisement