-->

मानसून से पहले अलर्ट: जलभराव और बाढ़ से निपटने को प्रशासन ने कसी कमर

खबरे शेयर करे -

 

मानसून से पहले अलर्ट: जलभराव और बाढ़ से निपटने को प्रशासन ने कसी कमर

खबर:
जिला आपदा प्रबंधन सभागार में आयोजित बैठक में अपर जिलाधिकारी कौस्तुभ मिश्र ने मानसून को देखते हुए सभी विभागों को अभी से पूरी तैयारी करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि जलभराव और बाढ़ जैसी स्थितियों से निपटने के लिए संबंधित अधिकारी अपने-अपने क्षेत्रों का जमीनी निरीक्षण करें और पिछले वर्षों में अधिक प्रभावित क्षेत्रों में विशेष रूप से जल निकासी और सुरक्षा कार्यों पर ध्यान दें।

अपर जिलाधिकारी ने निर्देश दिए कि जहां नदियों, नालों और नहरों में ड्रेजिंग या मलवा हटाने की आवश्यकता है, वहां उप जिलाधिकारी संबंधित विभागों के साथ निरीक्षण कर प्रस्ताव तैयार करें। नगर निकायों को नालियों और नालों की सफाई सुनिश्चित करने के साथ जीओ टैग फोटो भेजने के भी निर्देश दिए गए। साथ ही वर्षाकाल से पहले और दौरान दो चरणों में सफाई कार्य पूर्ण करने और जलभराव वाले क्षेत्रों में छिड़काव के लिए पर्याप्त दवाएं उपलब्ध रखने को कहा गया।

उन्होंने सड़क विभाग को पुलिया और स्कवर के नीचे जमा मलवा हटाने, जबकि विद्युत विभाग को बिजली लाइनों के पास पेड़ों की छंटाई, खराब पोल बदलने और तारों को दुरुस्त करने के निर्देश दिए। एसडीआरएफ, पुलिस और आपदा प्रबंधन टीम को उपकरणों का भौतिक परीक्षण कर खराब उपकरणों की मरम्मत कराने को कहा गया।

इसके अलावा जिला पूर्ति अधिकारी को आपदा के समय खाद्य सामग्री वितरण के लिए आवश्यक टेंडर और व्यवस्थाएं समय से सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए। बैठक में विभिन्न विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे, जबकि अन्य अधिकारी वर्चुअल माध्यम से जुड़े।


खबरे शेयर करे -