



रुद्रपुर में बड़ी कार्रवाई: नाबालिग दुष्कर्म मामले में लापरवाही पर दो महिला कांस्टेबल निलंबित
उधम सिंह नगर के रुद्रपुर क्षेत्र में महिला सुरक्षा से जुड़े गंभीर मामले में पुलिस विभाग ने सख्त कदम उठाया है। नाबालिग लड़की के अपहरण और दुष्कर्म प्रकरण में लापरवाही बरतने के आरोप में महिला हेल्प डेस्क पर तैनात दो महिला कांस्टेबल—पायल आर्या और मंजू आर्या—को तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया गया है।
वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक अजय गणपति ने मामले को अत्यंत गंभीरता से लेते हुए यह कार्रवाई की। जानकारी के अनुसार, पीड़िता की मां ने पुलिस कार्यालय पहुंचकर शिकायत दर्ज कराई कि उसकी नाबालिग पुत्री को 17 अप्रैल 2026 को यश प्रताप सिंह नामक युवक बहला-फुसलाकर ले गया और उसके साथ दुष्कर्म किया, जिससे वह गर्भवती हो गई।
आरोप है कि पीड़ित पक्ष द्वारा कोतवाली रुद्रपुर, कोतवाली पंतनगर और महिला हेल्प डेस्क में कई बार शिकायत करने के बावजूद नियमानुसार कोई प्रभावी कार्रवाई नहीं की गई।
मामले की गंभीरता को देखते हुए एसएसपी ने तत्काल प्रभाव से दोनों महिला कांस्टेबल को निलंबित कर दिया और पूरे प्रकरण की निष्पक्ष जांच डी.आर. वर्मा को सौंपी है। जांच अधिकारी को 7 दिन के भीतर रिपोर्ट प्रस्तुत करने के निर्देश दिए गए हैं।
एसएसपी अजय गणपति ने स्पष्ट संदेश दिया है कि जनपद में महिला अपराधों को लेकर ‘जीरो टॉलरेंस’ नीति अपनाई गई है। उन्होंने कहा कि किसी भी स्तर पर लापरवाही, उदासीनता या असंवेदनशीलता बर्दाश्त नहीं की जाएगी और दोषियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई सुनिश्चित की जाएगी।
पुलिस प्रशासन ने सभी अधिकारियों और कर्मचारियों को निर्देशित किया है कि महिला संबंधी हर शिकायत पर तुरंत कानूनी कार्रवाई करें और पीड़ितों के साथ संवेदनशील व सम्मानजनक व्यवहार सुनिश्चित करें।

