रुद्रपुर में परिवहन विभाग का बड़ा एक्शन, दो दिन में 738 चालान और 117 वाहन सीज
रुद्रपुर। सड़क दुर्घटनाओं पर अंकुश लगाने और यातायात नियमों का उल्लंघन करने वालों के खिलाफ परिवहन विभाग ने 27 और 28 अक्टूबर को रुद्रपुर समेत ऊधमसिंह नगर में दो दिवसीय सघन चेकिंग अभियान चलाया। संभागीय परिवहन अधिकारी (प्रवर्तन) हल्द्वानी के निर्देशन में पुलिस और अन्य विभागों के सहयोग से दिन-रात चले इस अभियान में नियमों की अनदेखी करने वाले वाहन चालकों पर सख्त कार्रवाई की गई।
अभियान के दौरान कुल 738 चालान किए गए, जबकि 117 वाहनों को सीज किया गया। ओवरस्पीडिंग के 201, बिना हेलमेट वाहन चलाने पर 192 और ओवरलोडिंग के 100 मामले पकड़े गए। इनमें 53 भार वाहन और 47 यात्री वाहन शामिल हैं। वहीं, नशे की हालत में वाहन चलाने पर 21 वाहन चालकों के खिलाफ कार्रवाई की गई।
इसके अलावा यातायात के अन्य नियमों का उल्लंघन करने पर भी कार्रवाई की गई। अभियान में रुद्रपुर, सुतईया, हल्द्वानी, मझोला और काशीपुर के विभिन्न प्रवर्तन एवं सचल दलों ने हिस्सा लिया।
परिवहन विभाग ने स्पष्ट किया कि सड़क सुरक्षा नियमों की अनदेखी करने वालों के खिलाफ आगे भी इसी तरह सख्त अभियान जारी रहेगा। विभाग ने वाहन चालकों से निर्धारित गति सीमा का पालन करने, नशे में वाहन न चलाने, दोपहिया वाहन पर हेलमेट और चारपहिया वाहन में सीट बेल्ट का अनिवार्य रूप से इस्तेमाल करने की अपील की है। साथ ही वाहनों में ओवरलोडिंग न करने और सभी जरूरी दस्तावेज दुरुस्त रखने की हिदायत दी है।
विभाग का कहना है कि यातायात नियमों का पालन कर ही सड़क दुर्घटनाओं में कमी लाई जा सकती है और अनमोल जिंदगियों को सुरक्षित रखा जा सकता है।




