



“ऑपरेशन प्रहार” के तहत ऊधमसिंहनगर पुलिस की बड़ी कार्रवाई, IPL ऑनलाइन सट्टेबाजी का खुलासा
➡️ SSP अजय गणपति के निर्देशन में दिल्ली का शातिर बुकी गिरफ्तार
➡️ ऑनलाइन IPL सट्टेबाजी नेटवर्क का भंडाफोड़, लाखों के लेन-देन के मिले सबूत
ऊधमसिंहनगर पुलिस द्वारा चलाए जा रहे “ऑपरेशन प्रहार” अभियान के तहत SOG रुद्रपुर एवं कोतवाली ट्रांजिट कैम्प पुलिस की संयुक्त टीम ने IPL मैचों पर ऑनलाइन सट्टा संचालित करने वाले एक शातिर बुकी को गिरफ्तार कर बड़ी सफलता हासिल की है।
पुलिस टीम को सूचना मिली थी कि सिडकुल आनंदपुर रोड स्थित धर्मकांटे के पास एक व्यक्ति कार में बैठकर IPL मैचों पर ऑनलाइन सट्टा चला रहा है। सूचना मिलते ही पुलिस ने मौके पर पहुंचकर घेराबंदी की और सफेद रंग की हॉन्डा सिटी कार में बैठे आरोपी को रंगे हाथ दबोच लिया।
गिरफ्तार अभियुक्त की पहचान रंजीत सिंह सैनी निवासी पालम कॉलोनी, दिल्ली के रूप में हुई है। आरोपी ट्रांजिट कैंप क्षेत्र में किराए के फ्लैट में रहकर ऑनलाइन सट्टेबाजी का नेटवर्क संचालित कर रहा था।
पुलिस जांच में आरोपी के पास से ₹92 हजार नकद, 05 मोबाइल फोन, एक HP लैपटॉप, कैलकुलेटर, हॉन्डा सिटी कार एवं अन्य सामान बरामद किया गया। लैपटॉप और मोबाइल फोन में IPL सट्टेबाजी से संबंधित रिकॉर्ड, ग्राहकों की डिटेल, हार-जीत का हिसाब तथा Paytm लेन-देन के स्क्रीनशॉट मिले हैं।
पूछताछ में आरोपी ने बताया कि वह पुलिस से बचने के लिए सुनसान स्थानों पर कार खड़ी कर ऑनलाइन सट्टा चलाता था और मोबाइल कॉल व डिजिटल पेमेंट के जरिए पूरे नेटवर्क को संचालित करता था।
पुलिस ने आरोपी के खिलाफ संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज कर आगे की कार्रवाई शुरू कर दी है। बरामद सामान की वीडियोग्राफी e-Sakshya App के माध्यम से कराई गई।
संयुक्त पुलिस टीम की सराहनीय भूमिका
इस कार्रवाई में कोतवाली ट्रांजिट कैम्प एवं SOG रुद्रपुर की टीम ने संयुक्त रूप से महत्वपूर्ण भूमिका निभाई।
SSP अजय गणपति का संदेश
SSP अजय गणपति ने कहा कि जनपद में अपराध, सट्टेबाजी एवं अवैध गतिविधियों में संलिप्त लोगों के खिलाफ लगातार सख्त कार्रवाई जारी रहेगी। युवाओं को गलत रास्ते पर ले जाने वाले अपराधियों को किसी भी सूरत में बख्शा नहीं जाएगा।

