मध्य प्रदेश: कान्हा में CDV से 9वें बाघ की मौत

मध्य प्रदेश: कान्हा में CDV से 9वें बाघ की मौत

मध्य प्रदेश के कान्हा टाइगर रिजर्व में कैनाइन डिस्टेंपर वायरस (CDV) का खतरा लगातार बढ़ रहा है। मुक्की परिक्षेत्र स्थित वन्यजीव उपचार केंद्र में भर्ती एक मादा बाघ शावक की रविवार को इलाज के दौरान मौत हो गई। प्रारंभिक तौर पर मौत की वजह वायरस का संक्रमण माना जा रहा है। इसके साथ ही कान्हा में CDV से मरने वाले बाघों की संख्या नौ हो गई है।

वन विभाग की टीम ने आठ अक्टूबर को मोहगांव प्रोजेक्ट के अरौली गांव से कमजोर हालत में शावक को रेस्क्यू किया था। इससे एक दिन पहले, सात अक्टूबर की रात, इसी शावक ने गांव में आंगन में सो रही 50 वर्षीय रमली बाई मरावी पर हमला कर दिया था। महिला की चीख सुनकर उसका बेटा बाहर आया और शोर मचाया, जिसके बाद शावक वहां से भाग गया।

वन विभाग की टीम ने हाथियों की मदद से शावक को खोजकर उपचार केंद्र पहुंचाया था, लेकिन इलाज के दौरान उसकी जान नहीं बच सकी। निर्धारित प्रोटोकॉल के तहत शव का अंतिम संस्कार कर दिया गया। कान्हा में लगातार हो रही मौतों ने बाघों को CDV संक्रमण से बचाने और वन्यजीवों की निगरानी को लेकर चिंता बढ़ा दी है।

Advertisement
Advertisement
Advertisement
Advertisement