दून विश्वविद्यालय में सीएम धामी का युवाओं को संदेश, बोले- नौकरी तलाशने वाले नहीं, नौकरी देने वाले बनें

खबरे शेयर करे -

# दून विश्वविद्यालय में सीएम धामी का युवाओं को संदेश, बोले- नौकरी तलाशने वाले नहीं, नौकरी देने वाले बनें

 

देहरादून। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने दून विश्वविद्यालय में नए शैक्षणिक सत्र के शुभारंभ अवसर पर युवाओं को विकसित भारत के निर्माण में अहम भूमिका निभाने का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि युवा केवल जेन जी नहीं, बल्कि इंडियन जेनरेशन हैं और विकसित भारत की जिम्मेदारी उनके कंधों पर है।

 

मुख्यमंत्री ने विद्यार्थियों से बड़े सपने देखने, अपनी प्रतिभा पहचानने और लक्ष्य हासिल होने तक निरंतर मेहनत करने की अपील की। उन्होंने कहा कि आज का दौर केवल नौकरी करने का नहीं, बल्कि स्टार्टअप और स्वरोजगार के जरिए रोजगार देने का भी है। सरकार प्रदेश में युवाओं के लिए बेहतर स्टार्टअप इकोसिस्टम तैयार कर रही है।

 

धामी ने बताया कि मुख्यमंत्री शोध प्रोत्साहन योजना के तहत शिक्षकों और शोधार्थियों को 18 लाख रुपये तक का शोध अनुदान दिया जा रहा है। वहीं यूपीएससी, एपीएससी और सीएसएससी जैसी परीक्षाओं में सफल युवाओं को साक्षात्कार की तैयारी के लिए 50 हजार रुपये की सहायता देने की व्यवस्था की गई है।

 

मुख्यमंत्री ने कहा कि सरकार ने युवाओं की मेहनत और भविष्य को सुरक्षित रखने के लिए सख्त नकल विरोधी कानून लागू किया है। उनके अनुसार पारदर्शी भर्ती व्यवस्था के तहत 34 हजार से अधिक युवाओं को सरकारी नौकरियां मिल रही हैं।

 

दून विश्वविद्यालय को तीन बड़ी सौगात देते हुए मुख्यमंत्री ने करीब 11 करोड़ रुपये की लागत से बने बायोलॉजिकल साइंस प्रयोगशाला भवन और करीब 17 करोड़ रुपये की लागत से तैयार केंद्रीय पुस्तकालय भवन का लोकार्पण किया। केंद्रीय पुस्तकालय का नाम भारत रत्न डॉ. भीमराव आंबेडकर के नाम पर रखने की घोषणा भी की गई।

 

इसके साथ ही विश्वविद्यालय के 88.4 एफएम कम्युनिटी रेडियो का शुभारंभ किया गया। विद्यार्थियों की आवागमन संबंधी समस्या को देखते हुए मुख्यमंत्री ने विश्वविद्यालय को जल्द दो इलेक्ट्रिक बसें उपलब्ध कराने की घोषणा की।

 

मुख्यमंत्री ने कहा कि उत्तराखंड सरकार युवाओं के सपनों और भविष्य को लेकर प्रतिबद्ध है। उन्होंने विद्यार्थियों से आह्वान किया कि वे अपनी ऊर्जा और प्रतिभा का उपयोग विकसित उत्तराखंड और विकसित भारत के निर्माण में करें।

 

उन्होंने यह भी कहा कि चुनाव के समय कुछ राजनीतिक शक्तियां युवाओं के बीच नकारात्मकता फैलाने और उन्हें गुमराह करने का प्रयास करती हैं, लेकिन प्रदेश की नई पीढ़ी अब जागरूक है और ऐसे प्रयासों का जवाब देने में सक्षम है।


खबरे शेयर करे -